शहर

Ghaziabad Police Encounter: वारदात से पहले ही पुलिस ने बिगाड़ा बदमाशों का खेल, एनकाउंटर में दो को लगी गोली, तीन गिरफ्तार

Ghaziabad Police Encounter: गाजियाबाद के सिहानीगेट थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन शातिर चोर-लुटेरों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और मामले की जांच जारी है।

Image

गाजियाबाद में देर रात पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Ghaziabad Police Encounter: गाजियाबाद पुलिस का ऑपरेशन लंगड़ा का सिलसिला इन दिनों जारी है। इसी के तहत सिहानीगेट थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास अवैध हथियार थे और वे किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में घूम रहे थे। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस को देखकर भागने लगे युवक

पुलिस को सूचना मिली थी कि फैक्ट्री एरिया में एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक आपराधिक गतिविधि की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मंगल पांडे मार्ग पर लोहियानगर के सी-ब्लॉक कट के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे।

जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल

भागने के दौरान उनकी बाइक फिसल गई, जिसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया। वहीं, उसके दो साथी मौके से फरार होने की कोशिश करने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। पुलिस का दावा है कि पीछा किए जाने के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।

हत्या, चोरी और हत्या के प्रयास समेत 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज

पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान शाहरूख, इमरान और सोनू के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी शाहरूख उर्फ इमरान के खिलाफ हत्या, चोरी और हत्या के प्रयास सहित 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, दूसरे घायल आरोपी इमरान पर लूट, अवैध हथियार रखने और चोरी समेत चार मामले दर्ज बताए गए हैं। मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को अलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब तीनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल करने के साथ ही उनके नेटवर्क और संभावित अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article