Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के लोनी, गाजियाबाद से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। लोनी में स्थित एक होटल में रोटी बनाने वाले कारीगर का रोटी पर थूक लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना को लेकर दिल्ली के रहने वाले एक युवक ने थाना अंकुर विहार में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता ने होटल के मालिक और कारीगर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना लोनी के विजय विहार कॉलोनी स्थित करीम होटल की है। इस वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और होटल के मालिक को गिरफ्तार किया गया। लेकिन अभी तक थूक लगाकर रोटी बनाने वाले व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कारीगर घटना के बाद से फरार है, उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
दिल्ली के करावल नगर के रहने वाले राहुल पचौरी, जिन्होंने पुलिस में इस घटना को लेकर मामला दर्ज कराया और शिकायत में होटल के मालिक शाहरुख पर कड़ी कार्रवाई करते हुए होटल को सील करने की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पिछले साल भी होटल से इसी तरह के मामले सामने आए थे। इस तरह की घटनाओं से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई थी।
होटल के खिलाफ कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद लोगों में गुस्सा है और वे होटल के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो पर लोगों द्वारा होटल और कारीगर के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया दी जा रही है। घटनाएं खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर खतरा हैं। पुलिस का कहना है कि वे इस मामले में पूरी गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 272, 274, 275 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
