गाजियाबाद

Ghaziabad Crime: सुसाइड से पहले शख्स ने वीडियो बनाकर दिया बीवी को पैगाम, जानिए क्या थी आत्महत्या के पीछे की वजह

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 27, 2023, 01:48 PM IST

Ghaziabad Police: गाजियाबाद में एक सुसाइड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक शख्स ने आत्महत्या करने से पहले पत्नी को फोन किया और अपनी बेटी से बात करना चाहा। उसने वीडियो बनाकर सुसाइड का जिम्मेदार पत्नी और ससुराल को बताया। इसके बाद फांसी लगाकर जान दे दी। शख्स के परिजनों ने मामला दर्ज कराया है।

Image

गाजियाबाद में पत्नी से परेशान होकर युवक ने बनाया वीडियो और फांसी लगाकर दे दी जान (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • गाजियाबाद के राहुल गार्डन कॉलोनी का है मामला
  • सुसाइड से पहले पत्नी को फोनकर बेटी से करना चाहता था बात
  • वीडियो बनाकर फांसी लगाने से पहले पत्नी और ससुराल वालों को बताया इसका जिम्मेदार

Ghaziabad News: गाजियाबाद के लोनी के राहुल गार्डन कॉलोनी में रहने वाले युवक प्रदीप (30) ने अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले युवक ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाकर अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए। युवक का आरोप था कि, एक लड़के के साथ पत्नी के प्रेम संबंध चल रहे हैं, जिससे परेशान होकर उसे आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ रहा है। परिजनों ने महिला और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है।

बता दें कि, कॉलोनी में प्रदीप परिवार के साथ रहता था। प्रदीप के भाई जितेंद्र ने बताया है कि, प्रदीप की नाईपुरी कॉलोनी में रहने वाली महिला के साथ करीब सात साल पहले शादी की गई थी। उनकी डेढ़ साल की एक बेटी है। आरोप है कि, शादी के बाद से दंपत्ति में प्रेम संबंधों को लेकर आए दिन झगड़ा होता था। आरोप है कि महिला का एक युवक के साथ संबंध है।

तनाव में रहता था प्रदीप

मृतक के भाई के अनुसार, शादी के बाद भी प्रदीप की पत्नी फोन पर युवक से बात करती थी। संबंधों को लेकर दोनों में कई बार झगड़ा भी हो गया था। महिला के परिवार के सदस्य प्रदीप के साथ फोन पर गाली-गलौज किया करते थे और एक बार घर में घुसकर प्रदीप को मारा भी था। इसको लेकर प्रदीप तनाव में रहने लगा था। परेशान प्रदीप ने अपने घर में पंखे में साड़ी बांधकर फांसी लगा ली।

वीडियो बनाकर बताई पूरी बात

सुसाइड से पहले वीडियो बनाकर प्रदीप ने कहा कि, मैं जो करने जा रहा हूं, इसकी जिम्मेदार उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग हैं। प्रदीप ने मौत से पहले अपनी पत्नी को फोन किया था। फोन पर अपनी बेटी से आखिरी बार बात करने को कहा था। पत्नी के पूछने पर प्रदीप ने कहा कि वह अब मरने जा रहा है, वह अपनी बेटी से एक बार बात करना चाहता है। इस दौरान महिला अपने पति से ऐसा कदम नहीं उठाने के लिए बार-बार कहने लगी। करीब नौ मिनट तक दोनों के बीच बात हुई थी, फिर प्रदीप फंदे से झूल गया। एसीपी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया है कि, मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article