गाजियाबाद

Bijnor News: बिजनौर में पटाखा फैक्ट्री में तेज धमाके के बाद लगी आग, 3 मजदूर झुलसे

बिजनौर में रविवार सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में बारूद के घर्षण के कारण जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग लग गई। जिसमें तीन मजदूर झुलस गए हैं। साथ ही धमाके के कारण फैक्ट्री के टिनशेड के परखच्चे भी उड़ गए हैं। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है और तीनों घायल भी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। जहां पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से तीन मजदूर घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, पटाखा फैक्टरी में बारूद के घर्षण से विस्फोट हुआ। जिससे आग लग गई और तीन श्रमिक झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। वहीं आग में घायल मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, यह घटना नहटौर थाना क्षेत्र के सीकरी खुर्द जंगल में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में लगी। धामपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अभय कुमार पांडेय ने बताया कि रविवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे सीकरी खुर्द जंगल में भूदेव सिंह की पटाखा फैक्ट्री में एक मजदूर के हाथ से बारूद का सामान छूट जाने के कारण तेज धमाका हुआ और इसके बाद आग लग गई। धमाके के कारण फैक्ट्री के टिनशेड के परखच्चे उड़ गए। उन्होंने बताया कि सूचना पाकर पहुंचे अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पा लिया।

सितंबर 2029 तक वैध है फैक्ट्री

सीओ ने बताया कि श्रमिक आशीष, बालेश और अरुण इस घटना में झुलस गए। बालेश और अरुण मामूली रूप से झुलसे हैं और दोनों की स्थिति सामान्य है, जबकि आशीष के हाथ और पैर में जख्म हैं। उसका उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार आशीष खतरे से बाहर है। पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री का लाइसेंस पांच सितंबर 2029 तक वैध है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article