Ghaziabad: गाजियाबाद में अगले छह दिनों तक न तो बिजली के बिल जमा होगा और न ही नया कनेक्शन मिलेगा। साथ ही बिजली बिलिंग सुधार का कार्य भी इन छह दिनों तक पूरी तरह स्थगित रहेगा। दरअसल, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा ऑनलाइन बिलिंग प्रणाली के सॉफ्टवेयर में बदलाव कर उसे और भी आसान व बेहतर बनाया जा रहा है। जिसके कारण इन सभी सेवाओं को 31 जनवरी की शाम से 6 फरवरी दोपहर तक के लिए बंद कर दिया गया है। उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी देते हुए विद्युत वितरण निगम ने कहा है कि, इन छह दिनों तक बिजली से संबंधित इन कार्यों के लिए कोई भी उपभोक्ता दफ्तरों के चक्कर न काटे। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
विद्युत वितरण निगम द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि इन छह दिनों तक गाजियाबाद के अलावा पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम से संबंधित सभी 14 जिलों में ये सभी सेवाएं पूरी तरह से बंद रहेंगी। अधीक्षण अभियंता शहरी संजीव कुमार ने बताया की, उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लखनऊ के निर्देश पर पश्चिमाचल विद्युत वितरण निगम अपने ऑनलाइन बिलिंग प्रणाली की तकनीकी को हाईटेक बना रहा है। सॉफ्टवेयर में बदलाव का यह कार्य कॉर्पोरेशन द्वारा लखनऊ से ही किया जाएगा। इस बदलाव के बाद उपभोक्ताओं को और भी बेहतर ऑनलाइन सुविधा मिल सकेगी।
