Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पूर्वी प्रेमिका ने बात करनी छोड़ी तो युवक ने उस पर तेजाब से हमला करवाया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई है। हैरान कर देने वाली बात यह है कि इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी ने एक नाबालिग को पैसों का लालच दिया। मामले की जांच कर रही पुलिस की टीम ने आरोपी को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद आरोपी रोते हुए माफी मांगता नजर आया। यह घटना मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र की है।
तेजाब हमले की वारदात
35 वर्षीय रुखसाना एक निजी अस्पताल में काम करती हैं और मंगलवार शाम वह अपने घर से अस्पताल जा रही थी। घर से कुछ ही दूरी पर अचानक एक किशोर आया और उस पर तेजाब डाल कर वहां से फरार हो गया। इस घटना में रुखसाना का हाथ और शरीर का कुछ हिस्सा बुरी तरह से झुलस गया। स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की चार टीमें बनाई गई और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी किशोर को पकड़ा।
आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल
पूछताछ के दौरान तेजाब फेंकने वाले नाबालिग आरोपी ने बताया कि उसे महेंद्र प्रजापति नाम के एक व्यक्ति ने 2000 रुपये का लालच देकर यह काम करवाया था। पुलिस ने तुरंत महेंद्र की तलाश शुरू की और जगह-जगह चेकिंग अभियान की शुरुआत की। इस दौरान पुलिस को महेंद्र के पुलिया के पास होने की सूचना मिली। जब पुलिस ने उसका पीछा किया तो वह बाइक पर वहां से भागने लगा लेकिन अचानक बाइक के फिसलने से वह गिर गया।
पुलिस से बचने के लिए उसने उन पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली पैर में लगने से वह घायल हो गया और उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि महेंद्र का रुखसाना के साथ प्रेम प्रसंग था, लेकिन रुखसाना ने उससे बात करनी बंद कर दी थी, जिससे नाराज होकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
