Maharashtra News: महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले (Chandrapur tiger attack) में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जंगल में बाघ के हमले में चार महिलाओं की मौत हो गई। यह घटना सिंदेवाही तहसील के गुंजेवाही जंगल क्षेत्र में हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय लोग इस घटना के बाद बेहद डरे हुए हैं और वन विभाग से सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। मृतकों की पहचान कावदुबाई दादाजी मोहुरले (45), अनुबाई दादाजी मोहुरले (46), संगीता संतोष चौधरी (36) और सुनीता कौशिक मोहुरले (33) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि ये सभी महिलाएं किसी काम से जंगल क्षेत्र के आसपास गई थीं, तभी अचानक बाघ ने उन पर हमला कर दिया।
हमले में चारों की मौके पर ही मौत
इस हमले में चारों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। वन विभाग की टीम बाघ की तलाश में जुटी हुई है ताकि उसे पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जा सके और आगे किसी भी तरह की घटना को रोका जा सके। सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त वन विभाग की टीमें तैनात कर दी गई हैं।
जंगल और आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी
अधिकारियों का कहना है कि जंगल और आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। ड्रोन और अन्य तकनीकों की मदद से भी बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जंगल या उसके आसपास के इलाकों में अकेले न जाएं और सतर्क रहें। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही बाघ को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।
