शहर

नैनीताल में बड़ा रोड एक्सीडेंट, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार; परिवार के 5 लोगों की मौत

उत्तराखंड के नैनीताल भवाली सेनिटोरियम-रातीघाट बाईपास मार्ग पर एक कार के खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। सभी खटीमा के रहने वाले बताये जा रहे हैं।

Image

भवाली रातीघाट बाईपास कार हादसे में पांच लोगों की मौत

नैनीताल : जिले के भवाली सेनिटोरियम-रातीघाट बाईपास मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पर्यटकों से भरी एक इलेक्ट्रिक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा जंगल क्षेत्र में होने के कारण वाहन काफी देर तक नजर नहीं आया, जिसके चलते राहत एवं बचाव कार्य में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार यूपी नंबर की बी-नाइन इलेक्ट्रिक कार (UP 32 QU 1874) भवाली के ढैला गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे और हादसे में सभी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ, एसएसबी और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम खाई में उतरी और सभी शवों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। जंगल और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।

पुलिस के अनुसार मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सभी लोग पिछले दो दिनों से नैनीताल में ठहरे हुए थे और किसी रिसॉर्ट की ओर जा रहे थे। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article