शहर

Ghaziabad: सुबह-सुबह पैसिफिक मॉल में आग से हड़कंप, सिनेमा हॉल में उठी लपटें; दमकल की 10 गाड़ियां पहुंचीं

गाजियाबाद के कौशांबी स्थित पैसिफिक मॉल में गुरुवार सुबह सिनेमाघर के प्रोजेक्टर रूम में आग लग गई। जिससे मॉल में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की 10 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। राहत की बात है कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

गाजियाबाद में गुरुवार सुबह पैसिफिक मॉल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आग की लपटें सिनेमा हॉल के प्रोजेक्टर रूम से उठी और देखते ही देखते आग तेजी से फैलते हुए मॉल के ऑडी रूम तक पहुंच गई। आग के कारण पूरे मॉल में धुआं फैल गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल की 10 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। गनीमत की बात है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

मॉल में कम लोग होने से बड़ा हादसा टला

यह घटना लिंक रोड थाना क्षेत्र स्थित कौशांबी के आनंद विहार बॉर्डर पर बने पैसिफिक मॉल में सुबह करीब 7:30 बजे हुई। सुबह का समय होने के कारण मॉल में कर्मचारियों और आम लोगों की भीड़ मौजूद नहीं थी। इसी कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया। आग लगने की सूचना मिलते ही मॉल प्रशासन ने फायर सेफ्टी सिस्टम को एक्टिव कर दिया और शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की।

करीब 1 घंटे बाद मॉल में लगी आग बुझ सकी

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान पूरे मॉल परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर एहतियातन लोगों की आवाजाही रोक दी गई।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग सिनेमाघर के प्रोजेक्टर रूम में लगी थी, हालांकि इसके पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मामले की जांच में जुटी हुई है और तकनीकी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article