पत्नी पर शक, बेटे का गला घोंटा; बरेली में बाप बना मासूम का कातिल
- Edited by: Nilesh Dwivedi
- Updated Feb 13, 2026, 06:04 PM IST
बरेली जिले के अथाना गांव में एक सनसनीखेज घटना घटी, जिसमें 30 वर्षीय सोमपाल ने अपने एक साल के बेटे की हत्या कर दी। आरोप है कि उसने पत्नी पर अवैध संबंध का शक होने के कारण यह कदम उठाया। पुलिस ने बच्चे का शव तालाब से बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
बरेली में पिता ने एक साल के बेटे की हत्या कर दी
Bareilly News: बरेली जिले के अथाना गांव (भूता थाना क्षेत्र) में बुधवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय सोमपाल ने अपनी पत्नी पर अवैध संबंध का शक होने के कारण अपने एक साल के बेटे वरुण की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके शव को एक तालाब में फेंक दिया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमपाल को लगता था कि बच्चा उसका नहीं है क्योंकि उसकी शक्ल उससे मेल नहीं खाती थी। आरोपी सोमपाल शराब का आदी था और अक्सर अपनी पत्नी रामबेटी से झगड़ा करता था साथ ही, कथित तौर पर घरेलू हिंसा भी करता था। इसी विवाद के कारण रामबेटी पिछले दो महीनों से अपने मायके, बोनी गांव (बिसलपुर थाना क्षेत्र), में रह रही थी।
तालाब में फेंका शव
बताया जा रहा है कि, बुधवार को सोमपाल अपने ससुराल गया और अपने बड़े बेटे अरुण (5 साल) के साथ एक साल के वरुण को जबरन अथाना गांव ले गया। पुलिस के अनुसार, उसी रात उसने वरुण की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया। ऐसे में, पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में सोमपाल ने कहा कि उसे केवल बड़ा बेटा अरुण ही अपनी जैविक संतान लगता है।
पत्नी पर बेवफाई का आरोप
पुलिस से मिली जानकारी से यह पता लगा है कि, पूछताछ के दौरान उन्हें ऐसा लग रहा है कि आरोपी को अपने किए पर किसी भी तरह का पछतावा महसूस नहीं हो रहा है। पत्नी रामबेटी ने अपनी शिकायत में कहा कि उसका पति अक्सर शराब के नशे में उसे पीटता था और बार-बार उस पर बेवफाई का आरोप लगाता था। परेशान होकर वह कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
