शहर

फतेहपुर में गैस सिलेंडर लीक से बड़ा हादसा, 9 लोग झुलसे; घायलों के लिए प्रशासन ने बनाया ग्रीन कॉरिडोर

फतेहपुर के पिलखिनी गांव में गैस सिलेंडर लीक होने से हुए धमाके में 9 लोग झुलसकर घायल हुए। सभी को पहले मलवां मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जिसके बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कानपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे का कारण गैस रिसाव बताया गया है।

Image

फतेहपुर में गैस सिलेंडर लीक से बड़ा हादसा

Fatehpur Gas Cylinder Leak: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गैस रिसाव के चलते बड़ा हादसा हो गया। जहां कल्यानपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में दो कमरों के मकान में सिलेंडर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे घर में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा मकान इसकी चपेट में आ गया। इस हादसे में 9 लोग झुलसने से घायल हो गए, जिनमें एक ही परिवार के 6 लोग और उन्हें बचाने पहुंचे 3 लोग शामिल हैं।

8 लोगों की हालत गंभीर

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटों से घिरा मकान देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद कल्यानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी मलवां मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। लेकिन 8 लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया।

गैस लीक के कारण हुआ विस्फोट

प्रशासन ने घायलों को तेजी से अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया, ताकि उनका इलाज जल्द से जल्द शुरू किया जा सके। गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को एंबुलेंस से विशेष निगरानी में कानपुर भेजा गया। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में यह पता चला है कि सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि सिलेंडर फटने की बात सामने नहीं आई है, बल्कि गैस लीक होने के कारण विस्फोट हुआ, जिससे आग फैल गई। फिलहाल जिला प्रशासन और पुलिस लगातार पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है और प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article