Amit Shah Chhattisgarh Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ में तीन दिवसीय दौरा आज से आरंभ होगा। बता दें कि वे रविवार को इस दौरे के लिए रायपुर पहुंचे। इस यात्रा के दौरान वे कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे और बस्तर क्षेत्र में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। छत्तीसगढ़ को 31 मार्च को सशस्त्र माओवादियों से मुक्त घोषित किए जाने के बाद अमित शाह का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। अमित शाह रविवार रात आठ बजे के कुछ ही समय बाद स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर उतरे और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, राज्य मंत्रियों, भाजपा सांसदों, विधायकों और पार्टी के अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद सीएम साय और उपमुख्यमंत्री शर्मा एक ही काफिले में हवाई अड्डे पहुंचे, जबकि अन्य नेता बस से आए।
क्या है केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे का शेड्यूल?
एक सरकारी अधिकारी के अनुसार, सोमवार को सुबह करीब 10:40 बजे, अमित शाह रायपुर स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय के परेड ग्राउंड से राज्य पुलिस की आपातकालीन सेवा 'डायल 112' और मोबाइल फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के लिए नए वाहनों को हरी झंडी दिखाएंगे। अधिकारी ने बताया, "इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री बस्तर जिले के लिए रवाना होंगे और नेतानार गांव जाएंगे, जहां वे दूरदराज के क्षेत्रों में सरकारी और डिजिटल सेवाओं तक आसान पहुंच प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित 'जन सुविधा केंद्र' का उद्घाटन करेंगे। वह दोपहर 1:30 बजे जगदलपुर स्थित अमर वाटिका जाएंगे और राष्ट्र की सेवा में अपनी जान गंवाने वाले सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि देंगे।"
शहीदों के परिजनों से करेंगे मुलाकात
दोपहर ढाई बजे, अमित शाह बस्तर नृत्य, कला और साहित्य अकादमी (बादल) में एक संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे और शहीदों के परिजनों, नक्सल वरोधी अभियानों में तैनात सीएपीएफ (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल) और राज्य बलों के कर्मियों, पुलिस अधिकारियों, नक्सली हिंसा के पीड़ितों और विभिन्न स्थानीय समुदायों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया, "कार्यक्रम में बस्तर की जमीनी स्थिति और क्षेत्र में विकास और सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर चर्चा होगी।
मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता
सोमवार शाम को, अमित शाह बादल अकादमी में 'बस्तर के संग' लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और बस्तर की आदिवासी कला और सांस्कृतिक परंपराओं को देखेंगे।" केंद्रीय गृह मंत्री मंगलवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। अधिकारी ने बताया कि दिल्ली रवाना होने से पहले वह जगदलपुर में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
