Faridabad New Year Gift : नए साल पर फरीदाबाद के लोगों को बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। छायंसा में स्थित अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज में जनवरी 2023 से 100 बिस्तर का अस्पताल शुरू होने जा रहा है। साथ ही यहां पर आधुनिकतम उपकरणों से युक्त प्रयोगशाला भी शुरू की जाएगी। जिससे लोग आसानी से यहां पर सभी तरह की जांच करा सकेंगे। अभी तक यहां पर आने वाले मरीजों को सिर्फ ओपीडी सुविधा मिलती थी। इलाज और मेडिकल जांच के लिए लोगों को बीके अस्पताल का चक्कर लगाना पड़ता था। अब नए साल के पहले माह में ही यहां पर मरीजों को सभी जरूरी मेडिकल सुविधाएं मिलने लगेंगी।
छायंसा में स्थित अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज
मेडिकल कॉलेज के निदेशक गौतम गोले ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस मेडिकल कॉलेज में 476 बिस्तर की क्षमता तैयार की जानी है। जिसके पहले चरण में 100 बिस्तर नए साल से शुरू किए जाएंगे। इन सभी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मरीजों को जनवरी मध्य तक मिलने लगेगी। इन सुविधाओं को शुरू करने की तारीख की घोषणा जल्द ही कर दी जाएगी। इस मेडिकल कॉलेज के पूरी क्षमता से कार्य करने पर फरीदाबाद के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी।
