फरीदाबाद

बल्लभगढ़-मंझावली रोड को मिलेगी नई पहचान; जल्द शुरू होगा पुनर्निर्माण, जुड़ेंगे 10 से अधिक गांव और यमुना पार क्षेत्र

बल्लभगढ़-मंझावली रोड का पुनर्निर्माण जल्द शुरू होने जा रहा है, जिससे 10 से अधिक गांवों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। इस सड़क की खराब स्थिति ने राहगीरों को लंबे समय से परेशान किया है, लेकिन अब PWD ने इसके निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है।

Image

बल्लभगढ़-मंझावली रोड का पुनर्निर्माण जल्द होगा शुरू (सांकेतिक फोटो)

Photo : Times Now Digital

बल्लभगढ़-मंझावली रोड का पुनर्निर्माण जल्द शुरू होने जा रहा है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इसके निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है, और अगले माह से कार्य प्रारंभ होगा। इस परियोजना पर लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह आठ किलोमीटर लंबी सड़क बल्लभगढ़ को मंझावली गांव से जोड़ती है और इस मार्ग पर 10 से अधिक गांव स्थित हैं। यह सड़क स्मार्ट सिटी और यमुना पार के ग्रामीण क्षेत्रों के बीच आवागमन का एक प्रमुख माध्यम है।

इसके अलावा, इसका रणनीतिक महत्व भी है क्योंकि यह दिल्ली-मथुरा रोड को मंझावली पुल के जरिए उत्तर प्रदेश से जोड़ती है। बीते कुछ वर्षों से इस सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे, क्षतिग्रस्त डामर सतह, बारिश में जलभराव और कीचड़ की समस्या ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इन प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते सड़क पर दुर्घटनाओं की संख्या भी बढ़ी है। इसके पुनर्निर्माण से लोगों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा। साथ ही, ये इस नाते भी जरूरी है क्योंकि ये मंझावली में ही फरीदाबाद, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम को जोड़ेगा।

मरम्मत और पुनर्निर्माण की अपील

क्षेत्रीय जनता, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने बार-बार प्रशासन से इस सड़क की मरम्मत और पुनर्निर्माण की अपील की थी। विधायक, पार्षद और पंचायत प्रतिनिधियों ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। जनता की लगातार मांगों को देखते हुए, लोक निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ करने की योजना बनाई है।

ट्रैफिक डायवर्जन की योजना

निर्माण कार्य के दौरान आम जनता को असुविधा से बचाने के लिए विभाग ने ट्रैफिक डायवर्जन की योजना तैयार की है। वैकल्पिक मार्गों की पहचान कर ली गई है, और जल्द ही संबंधित इलाकों में साइनबोर्ड लगाने की प्रक्रिया शुरू होगी। यातायात को सुचारू रूप से नियंत्रित करने के लिए पुलिस और ट्रैफिक विभाग का सक्रिय सहयोग लिया जाएगा।

बेस लेयर और डामर की परत

पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता प्रकाश लाल ने बताया कि इस सड़क का निर्माण आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाएगा। इसके तहत, सड़क की मजबूती सुनिश्चित करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाली बेस लेयर और डामर की परत डाली जाएगी। साथ ही, दोनों किनारों पर नालों की व्यवस्था की जाएगी और प्रभावी जल निकासी के लिए पाइपलाइन बिछाई जाएगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article