Faridabad: एक युवक ने बैंक में लोन के लिए आवेदन किया, लेकिन कागज पूरे नहीं होने के कारण बैंक ने लोन देने से मना कर दिया। इससे नाराज युवक ने बैंक में ही चोरी का प्लान बना लिया और रात में आरी लेकर बैंक पहुंच गया। हालांकि आरोपी अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाया और क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 ने इसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सिलाखरी गांव निवासी रोबिन के तौर पर हुई है। आरोपी ने बीती रात धौज थाना क्षेत्र में मौजूद सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में चोरी करने की कोशिश की थी। चोरी के इस मामले में बैंक के शाखा प्रबंधक मंजीत दलाल द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
बैंक मैनेजर ने बताया कि, जब वे सुबह बैंक पहुंचे तो कागजात इधर उधर बिखरे पड़े थे। इसके बाद जांच की गई तो पता चला कि एक खिड़की की ग्रिल कटी हुई थी। आरोपी स्ट्रांग रूम तक पहुंच गया, लेकिन उसे खोल नहीं पाया। वह केवल कागजों से ही छेड़छाड़ कर पाया। यह आरोपी सिर्फ मैनेजर के ऑफिस में रखा एक कीपैड मोबाइल चोरी कर पाया। चोर की यह पूरी हरकत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके आधार पर जांच करते हुए पुलिस इस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
