Faridabad Road Rage: फरीदाबाद में रोड रेज का बड़ा मामला सामने आया है। यहां के सूरजकुंड थाना क्षेत्र स्थित शिवदुर्गा विहार लकड़पुर में साइड देने के विवाद में कार सवार ने एक ऑटो चालक की बीच सड़क पीट-पीटकर हत्या हत्या कर दी। घटना के समय वहां सैकड़ों लोग मौजूद थे, लेकिन वे बीच-बचाव करने की जगह सिर्फ घटना का वीडियो बनाते रहे। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के रहने वाले 50 वर्षीय बृजराज के तौर पर हुई है। मृतक फरीदाबाद के शिवदुर्गा विहार ई ब्लॉक में अपने परिवार के साथ रहकर यहां ऑटो रिक्शा चलाता था।
मृतक बृजराज के परिवार में उसकी पत्नी के अलावा 11 साल का एक बेटा है। पुलिस ने मृतक की पत्नी सुनीता की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सुनीता की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसके पति बृजराज दिल्ली में ऑटो चलाने का कार्य करते थे। वे बीती रात ऑटो लेकर घर आ रहे थे। इस दौरान लकड़पुर बाजार में उनका ऑटो एक कार के सामने आ गया। कार चालक ने साइड के लिए हॉर्न देना शुरू किया, लेकिन रास्ता जाम होने के कारण बृजराज साइड नहीं दे पाए। इससे नाराज कार चालक ने बृजराज को ऑटो से नीचे खींच कर लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। मृतक की पत्नी ने बताया कि आरोपी युवक उसके पति को बीच सड़क करीब 15 से 20 मिनट तक उन्हें पीटता रहा, लेकिन कोई बचाने नहीं आया।
आरोपी के साथ दो महिला और एक अन्य युवक भी था
बृजराज जब बेहोश हो गए तो आरोपी युवक अपनी कार लेकर वहां से फरार हो गया। जिसके बाद आस-पास के लोगों ने बृजराज को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बृजराज को मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि आरोपित युवक कुछ माह पहले ही परिवार समेत कॉलोनी में रहने आया है। यहां पर वह मकान का निर्माण करा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, आरोपी युवक की पहचान विवेक के तौर पर हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना के समय कार में उसके साथ एक अन्य युवक और दो महिलाएं भी थी। बाकि लोगों की इस घटना में भूमिका की जांच की जा रही है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं।
