Haryana News: हरियाणा सरकार ने फरीदाबाद के पुलिस उपायुक्त (एनआईटी) के पद पर तैनात IPS अधिकारी मकसूद अहमद का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया। यह कार्रवाई सूरजकुंड मेला हादसे के बाद हुई। राज्य सरकार ने डीएसपी सुरेश कुमार का भी पलवल में ट्रांसफर कर दिया है।
सूरजकुंड मेला हादसे में अब तक दो लोग गिरफ्तार
आधिकारिक आदेशों के अनुसार, उन्हें पंचकूला पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर तैनात किया गया है। उनका तबादला फरीदाबाद के सूरजकुंड मेला मैदान में झूले के टूटकर गिरने की घटना के तुरंत बाद हुआ है। इस घटना में बचाव कार्य के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस निरीक्षक की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। इस घटना के संबंध में रविवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। विपक्ष ने इस त्रासदी के लिए सरकार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।
DSP सुरेश कुमार का होडल में ट्रांसफर
आईपीएस अधिकारी के तबादले के आदेश के अलावा राज्य सरकार ने हरियाणा पुलिस सेवा के अधिकारी सुरेश कुमार का भी स्थानांतरण कर दिया।
नूंह में भारतीय रिजर्व बटालियन की दूसरी बटालियन में वर्तमान में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के रूप में कार्यरत कुमार का तबादला कर उन्हें होडल (पलवल) में डीएसपी के रूप में तैनात किया गया है। सरकार ने पुलिस के दोनों अधिकारियों के स्थानांतरण का आदेश सोमवार को जारी किया।
मकसूद अहमद 2016 में बने IPS अफसर
मकसूद अहमद मेवात के किशनगढ़ बास कस्बे के इस्माइलपुर गांव के रहने वाले हैं। वे 2016 में आईपीएस अफसर बने। मकसूद ने अलवर केंद्रीय विद्यालय से 12वीं तक पढ़ाई की। जिसके बाद 2005 में अलवर के आईईटी कॉलेज से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की। उन्होंने आईआईएमटी गाजियाबाद से एमबीए पूरा करने के बाद पांच साल तक नौकरी की। लेकिन 2013 में नौकरी छोड़कर यूपीएससी की तैयारी में जुट गए। 2015 में तीसरे प्रयास में उन्हें 611 रैंक प्राप्त हुई। मकसूद अहमद आईपीएस होने के साथ एक कवि भी हैं।
(इनपुट - भाषा)
