Delhi Property Fraud Case: दिल्ली में प्रॉपर्टी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताकर पहले लोगों का भरोसा जीतता था। फिर उनसे एडवांस पैसा लेकर फरार हो जाता था। आरोपी के ठगी के जाल का अब तक कई लोग शिकार हो चुके हैं। उसके खिलाफ दिल्ली समेत गुरुग्राम और फरीदाबाद में पहले से ही कई शिकायतें दर्ज हैं।
बिहार के लखीसराय का निवासी है राहुल
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान राहुल पासवान के तौर पर हुई है। वह मूल रूप से बिहार के लखीसराय का रहने वाला है। लेकिन दिल्ली में वह लक्ष्मी नगर में रह रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राहुल पासवान पिछले लगभग एक साल से फरार चल रहा था। वह शहर छोड़कर फरार होने की कोशिश कर रहा था। लेकिन पुलिस ने उसके इरादों पर पानी फेर दिया और उसे कश्मीरी गेट के पास पार्किंग एरिया से धर दबोचा है।
3 साल पहले पुलिस ने किया भगोड़ा घोषित
पुलिस के अनुसार, राहुल पासवान लंबे समय से खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताकर लोगों के साथ ठगी कर रहा था। वह खरीदारों और विक्रेताओं का भरोसा जीतकर उन्हें फ्लैट या प्रॉपर्टी दिखाता था। फिर उनसे एडवांस रकम लेने के बाद फरार हो जाता था। बताया गया है कि आरोपी को 3 फरवरी 2023 को एक पुराने धोखाधड़ी केस में भगोड़ा (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) घोषित किया गया था। उसके खिलाफ लक्ष्मी नगर थाने में 2022 और 2024 के कम से कम तीन मामलों में FIR दर्ज है। आरोपी के खिलाफ गुरुग्राम और फरीदाबाद से भी ठगी की कई शिकायतें सामने आई हैं।
फरीदाबाद में छिपा हुआ था आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए हरियाणा के फरीदाबाद में रह रहा था। पुलिस को उसकी लोकेशन की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, आरोपी राहुल पासवान ने ग्रेजुएट तक पढ़ाई की है, उसकी अंग्रेजी में अच्छी पकड़ भी है। उसने पहले लक्ष्मी नगर में प्रॉपर्टी डीलर के तौर में काम किया था, लेकिन बाद में ठगी के मामलों में शामिल होने के बाद उसने अपना ठिकाना बदल लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
