शहर

अयोध्या की हर सांस में राम बसते हैं, प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह में बोले राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज अयोध्या राम मंदिर की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि अयोध्या की हर सांस राममय है। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन को ऐतिहासिक बताया और पीएम मोदी के नेतृत्व में अयोध्या के विकास और बढ़ते धार्मिक पर्यटन की भी जमकर तारीफ की।

Image

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह में शामिल हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह (फोटो - ANI)

Photo : ANI

अयोध्या में आज यानी बुधवार 31 दिसंबर को राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ का उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए। राजनाथ सिंह ने इस अवसर को देश के लिए ऐतिहासिक गौरव और आध्यात्मिक संतोष का क्षण बताया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज अयोध्या की हर सांस में प्रभु श्रीराम बसते हैं और यह अनुभूति सिर्फ अयोध्या तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे भारत और विश्व में राम को मानने वाले हर हृदय में भी व्याप्त है।

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने दो साल पहले हुए प्राण प्रतिष्ठा समारोह को याद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सदियों के इंतजार के बाद भगवान श्रीराम अपने भव्य और दिव्य मंदिर में विराजमान हुए। उनकी अलौकिक छवि आज न सिर्फ अयोध्या, बल्कि पूरे विश्व को गौरवान्वित कर रही है। राजनाथ सिंह बोले- अयोध्या की हर गली, हर चौराहा और हर द्वार आज राममय हो चुका है।

वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने राम मंदिर आंदोलन को भी याद किया। राम मंदिर आंदोलन पर बात करते हुए रक्षा मंत्री ने इसे दुनिया के सबसे बड़े जनआंदोलनों में से एक करार दिया। उन्होंने कहा कि 1990 के दशक में इस आंदोलन ने जिस चेतना और जनजागरण को जन्म दिया, उसने पूरे देश को झकझोर दिया था। यह आंदोलन सिर्फ मंदिर निर्माण तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि धर्म, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक भी बन गया।

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने अयोध्या के विकास के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और डबल इंजन सरकार के नेतृत्व की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि आस्था, संस्कृति और इतिहास को संरक्षित रखते हुए अयोध्या में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे का निर्माण हो रहा है। राम मंदिर के निर्माण के बाद करोड़ों श्रद्धालुओं के यहां आने से अयोध्या वैश्विक धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में उभर रही है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि सड़कों, आवास, हरित क्षेत्रों, रेलवे और एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं के विकास से अयोध्या एक आधुनिक, सुरक्षित और समृद्ध मॉडल शहर के रूप में अपनी पहचान बना रही है। प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह अयोध्या की आध्यात्मिक और विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बनकर उभरा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article