उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक आज मुरादाबाद में एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। यहां एयरपोर्ट पर उनके सरकारी विमान में उड़ान भरने से ठीक पहले अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, ये तब हुआ जब डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक लखनऊ लौटने के लिए 6-सीटर सरकारी विमान में सवार हुए थे। जब विमान रनवे पर टेक-ऑफ की तैयारी कर रहा था, तभी उसके बाएं इंजन ने काम करना बंद कर दिया। इसके कुछ ही क्षणों बाद इंजन से धुआं उठता दिखाई दिया। जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। इस बीच, पायलट और एयरपोर्ट स्टाफ तुरंत सतर्क हो गए। मौके की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों और एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत ब्रजेश पाठक समेत सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सड़क मार्ग से वापस लखनऊ लौटे डिप्टी सीएम
वहीं,इस घटना के बाद डिप्टी सीएम सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हुए। इस बीच अधिकारियों ने बताया कि विमान में मौजूद सभी यात्री और चालक दल पूरी तरह सुरक्षित हैं।
नागरिक उड्डयन विभाग हुआ एक्टिव
मुरादाबाद एयरपोर्ट पर हुई ताजा घटना के बाद नागरिक उड्डयन विभाग ने मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। जांच में लगी टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इंजन में खराबी आखिर कैसे आई और नियमित जांच के दौरान यह समस्या पहले क्यों सामने नहीं आई।
दूसरी बार हुआ ऐसा
गौरतलब है कि मई महीने में यह दूसरी बार है जब उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री हवाई यात्रा के दौरान मुश्किल स्थिति में फंसे हैं। इससे पहले इसी महीने खराब मौसम और तेज आंधी-तूफान के चलते दिल्ली से लखनऊ आ रहा विमान रास्ते में प्रभावित हो गया था। उस दौरान विमान में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य सवार थे। खराब दृश्यता के कारण विमान को भोपाल डायवर्ट करना पड़ा था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
