'862 रुपये में कैसे चले घर', DTC ड्राइवरों की हड़ताल से थमे बसों के पहिए; सड़कों पर भटकते रहे यात्री

DTC Bus Strike: दिल्ली में वेतन बढ़ोतरी और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर डीटीसी बस ड्राइवरों ने हड़ताल कर दी है, जिससे पूरी राजधानी में सार्वजनिक बस सेवा बुरी तरह ठप पड़ गई। डिपो से बसें न निकलने के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और आम यात्रियों के साथ-साथ मुफ्त यात्रा करने वाली महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

DTC Bus Strike: राजधानी दिल्ली में बुधवार को सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था उस समय पूरी तरह चरमरा गई, जब दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के बस ड्राइवरों ने अचानक हड़ताल का रास्ता चुन लिया। ड्राइवरों के काम बंद करने की वजह से सैकड़ों बसें डिपो से बाहर नहीं निकलीं और सड़कों के किनारे ही खड़ी नजर आईं। इस अचानक हुई हड़ताल ने रोजाना बसों से सफर करने वाले लाखों आम मुसाफिरों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया, जिससे पूरे शहर के बस स्टॉप्स पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई।

DTC Bus Strike

डीटीसी ड्राइवरों ने खोला मोर्चा

हड़ताल पर बैठे ड्राइवरों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि पिछले दो सालों से उनके वेतन में एक रुपये की भी बढ़ोतरी नहीं की गई है। फिलहाल उन्हें महज 862 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाता है। ड्राइवरों का गंभीर आरोप है कि इस मामूली राशि में से भी उन्हें अपनी वर्दी (ड्रेस) और जूतों का खर्च खुद उठाना पड़ता है। इतना ही नहीं, अगर सड़क पर बस में कोई छोटी-मोटी टूट-फूट या खराबी हो जाए, तो उसका हर्जाना भी उन्हीं की जेब से वसूला जाता है।

End of Feed