Delhi Weather Update: राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी और लू (Heatwave) का प्रकोप शुरू हो गया है। शनिवार की सुबह दिल्लीवासियों के लिए काफी गर्म रही और तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली में 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसमें पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
अगले 48 घंटे झुलसाएगी गर्मी
दिल्ली में गर्मी का 'अलर्ट' (Delhi Loo Alert)
सफदरजंग मौसम केंद्र के अनुसार, शुक्रवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक था। पालम और रिज जैसे इलाकों में स्थिति और भी गंभीर रही, जहां न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री के बीच रहा और शनिवार को भी यही हाल है। 25 अप्रैल को दिल्ली‑एनसीआर में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान लगभग 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और शाम दोनों समय लू चलने की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी का असर और अधिक बढ़ गया है। हवा में नमी सुबह करीब 40 प्रतिशत और शाम तक घटकर 20 प्रतिशत रहने का अनुमान है। हालांकि राहत की बात यह है कि 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव की संभावना है। इस दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और दिन के समय तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। तापमान लगभग 43 डिग्री सेल्सियस ही रहेगा, लेकिन बादलों की मौजूदगी से धूप की तीव्रता कुछ कम हो सकती है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने इसके चलते येलो अलर्ट जारी किया है। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलना बेहद कठिन हो गया है और गर्मी के असर से इंडिया गेट पर सैलानियों की संख्या में भी कमी दर्ज की गई है।
हवा भी हुई खराब (Delhi AQI Today)
गर्मी और धूल भरी हवाओं के कारण दिल्ली की हवा भी प्रदूषित हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 210 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। चिलचिलाती धूप के साथ प्रदूषित हवा ने दिल्लीवालों की दोहरी मुसीबत बढ़ा दी है।
दिल्ली में बारिश कब आएगी (Delhi NCR Rain Forecast)
भीषण गर्मी झेल रहे दिल्लीवासियों के लिए राहत की खबर 26 अप्रैल को सामने आ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार दोपहर बाद दिल्ली के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। 26 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बारिश, धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। 27 अप्रैल को सोमवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिससे भीषण गर्मी से कुछ समय के लिए निजात मिल सकती है।
पड़ोसी राज्यों और दक्षिण भारत का हाल
सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि उत्तर भारत के अन्य राज्य भी तप रहे हैं। पंजाब के बठिंडा में पारा 44 डिग्री और हरियाणा के रोहतक में 43.3 डिग्री तक पहुंच गया है। राजस्थान में भी भीषण गर्मी का दौर जारी है। दूसरी ओर, दक्षिण भारत के केरल में भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़े हैं, जहां कोल्लम और पलक्कड़ जैसे जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।
