शहर

दिल्ली का मेगा ट्रांसपोर्ट ट्रांसफॉर्मेशन; मेट्रो और फ्लाईओवर परियोजनाओं से बदलेगी राजधानी की तस्वीर

दिल्ली में परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए मेट्रो और सड़क परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में राजधानी को एक आधुनिक और सुगम पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम मिले।

Image

दिसंबर 2026 तक दिल्ली को मिलेगी बड़ी सौगात

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi News: दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में सरकार ने मेट्रो और उससे जुड़ी सड़क एवं फ्लाईओवर परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों के साथ बैठक में स्पष्ट किया कि राजधानी में ट्रैफिक जाम कम करना, यात्रियों को बेहतर सुविधा देना और प्रदूषण पर नियंत्रण पाना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इस बैठक में दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान बताया गया कि दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क लगातार विस्तार कर रहा है। फिलहाल यह नेटवर्क 416 किलोमीटर तक फैल चुका है, जिसमें 300 से अधिक स्टेशन और कई इंटरचेंज शामिल हैं। इसके अलावा 104.45 किलोमीटर लंबा नेटवर्क और 81 स्टेशन निर्माणाधीन हैं। फेज-IV के तहत चल रहे कार्यों में अच्छी प्रगति दर्ज की गई है, जहां भौतिक और वित्तीय दोनों स्तरों पर करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर

सरकार के अनुसार कई महत्वपूर्ण मेट्रो सेक्शन शुरू हो चुके हैं, जिससे शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। वहीं कुछ प्रमुख कॉरिडोरों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से बाहरी और घनी आबादी वाले इलाकों को सीधे मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही अन्य नए कॉरिडोरों पर भी काम शुरू हो चुका है, जिन्हें 2029 तक पूरा करने की योजना है। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए फेज-V की परियोजनाओं पर भी तेजी से काम आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे दिल्ली का ट्रांसपोर्ट नेटवर्क और अधिक व्यापक होगा।

सड़क और फ्लाईओवर परियोजनाएं भी हो रहीं विकसित

मेट्रो विस्तार के समानांतर कई अहम सड़क और फ्लाईओवर परियोजनाएं भी विकसित की जा रही हैं। कुछ प्रोजेक्ट्स अंतिम चरण में हैं, जबकि कुछ पर तेजी से काम चल रहा है। खास बात यह है कि कुछ जगहों पर डबल-डेकर ढांचे तैयार किए जा रहे हैं, जहां मेट्रो और सड़क दोनों का उपयोग एक साथ होगा। इससे जगह की बचत के साथ यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी। दक्षिण दिल्ली और अन्य व्यस्त इलाकों में नए फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए जा रहे हैं, जिससे ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। हालांकि, कुछ परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण, पर्यावरण अनुमति और अन्य प्रशासनिक कारणों से चुनौतियां सामने आई हैं, जिन्हें दूर करने के प्रयास जारी हैं।

सीएम रेखा गुप्ता ने दिए यह निर्देश

इसके अलावा सरकार ने भविष्य के लिए नई परियोजनाओं का खाका भी तैयार किया है। यमुना किनारे प्रस्तावित एलिवेटेड रोड जैसे प्रोजेक्ट राजधानी के ट्रांसपोर्ट सिस्टम को नई दिशा दे सकते हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए और तय समयसीमा के भीतर काम पूरा किया जाए। उनका कहना है कि मेट्रो और सड़क नेटवर्क का विस्तार दिल्ली की जीवनरेखा को और मजबूत करेगा, जिससे लोगों की यात्रा तेज, आसान और सुविधाजनक बनेगी, साथ ही प्रदूषण और जाम की समस्या में भी कमी आएगी।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!