Delhi Govt Hospitals: दिल्ली में पहली बार केंद्र सरकार के तीन बड़े अस्पतालों की कमान महिला डॉक्टरों के हाथ में आ गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने आरएमएल अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में नई निदेशकों की नियुक्ति की है। इसे स्वास्थ्य क्षेत्र में महिला नेतृत्व की बड़ी पहल माना जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आदेश के अनुसार डॉ. अखिलंदेश्वरी प्रसाद को अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एबीवीआईएमएस) और राम मनोहर लोहिया अस्पताल का निदेशक बनाया गया है। वह रेडियो डायग्नोसिस विभाग की वरिष्ठ डॉक्टर हैं और लंबे समय से अस्पताल से जुड़ी रही हैं।
वहीं, डॉ. हिमानी आहलूवालिया को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज का नया निदेशक नियुक्त किया गया है। वह फिजियोलॉजी विभाग में प्रोफेसर हैं और जुलाई से अपना कार्यभार संभालेंगी। इसके अलावा डॉ. कविता रानी शर्मा को वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (वीएमएमसी) और सफदरजंग अस्पताल का स्थायी निदेशक बनाया गया है। वह एनेस्थीसिया विभाग की वरिष्ठ डॉक्टर हैं और इससे पहले कार्यवाहक निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल रही थीं।
देश के सबसे बड़े सरकारी चिकित्सा संस्थानों में
दिल्ली के ये तीनों अस्पताल देश के सबसे बड़े सरकारी चिकित्सा संस्थानों में गिने जाते हैं। यहां हर दिन हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। साथ ही ये संस्थान मेडिकल शिक्षा और रिसर्च के भी बड़े केंद्र हैं। वहीं, इन नियुक्तियों के साथ केंद्र सरकार ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि अब देश के बड़े स्वास्थ्य संस्थानों में महिलाओं की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है।
पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में नयी परमिट सुविधा शुरू
आदि कैलाश और ओम पर्वत की यात्रा को सुगम बनाने के लिए पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने रविवार को एक नयी सुविधा शुरू की। इसके तहत श्रद्धालु अब जिला अस्पताल से ही 'इनर लाइन परमिट' प्राप्त कर सकेंगे। तीर्थयात्रा के इस मौसम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आवेदन प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है।
