Delhi News: दिल्ली के वजीराबाद इलाके के जगतपुर में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक निजी स्विमिंग पूल में नहाने गए 10 साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार ने स्विमिंग पूल प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाई और दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल गया था बच्चा
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह 10 वर्षीय बच्चा अपने भाई और कुछ दोस्तों के साथ गर्मी की छुट्टियों में स्विमिंग पूल में नहाने गया था। लेकिन पूल में उतरने के कुछ ही मिनट बाद बच्चों ने उसे पानी के अंदर बेहोश हालत में देखा। जिससे वहां हड़कंप मच गया और स्विमिंग पूल स्टाफ ने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला। जिसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बच्चे की हालत गंभीर होने के चलते पहले उसे बुराड़ी अस्पताल और फिर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। लेकिन ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्विमिंग पूल में सुरक्षा के इंतजाम न होने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि स्विमिंग पूल में सुरक्षा के पूरे इंतजाम नहीं थे। उनका कहना है कि वहां पर कोई प्रशिक्षित लाइफगार्ड मौजूद नहीं था और न ही बच्चों को लाइफ जैकेट दी जाती थी। इसके बावजूद बच्चों से मोटी फीस ली जा रही थी। परिवार ने मांग की है कि इस पूरे मामले की सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई हो।
बताया जा रहा है कि मृतक बच्चा छठी कक्षा का छात्र था, वह अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। उसकी मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और स्विमिंग पूल की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जा रही है।
