दिल्ली में आज का मौसम (10 Jan 2026): दिल्ली में आज सुबह कंपकंपाती ठंड के साथ हुई, जिसने इस सीजन के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। आज राजधानी में इस सीजन की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई। शनिवार को न्यूनतम पारा फिसलकर 4 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। सुबह गलन भरी हवाओं और जमा देने वाली ठंड के कारण लोग अपने घरों में दुबकने पर मजबूर हो गए। इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली इस सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ था। इस दौरान न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था।
सांकेतिक फोटो (PTI)
दिल्ली में 4 डिग्री के करीब पहुंचा पारा
मौसम विभाग के अनुसार सफदरजंग आज न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहली बार इस सीजन में न्यूनतम तापमान इतना नीचे पहुंचा है। वहीं पालम में न्यूनतम पारा 4.5 डिग्री, लोधी रोड क्षेत्र में 4.7 डिग्री, रिज इलाके में 5.3 डिग्री और आया नगर में 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। सुबह के समय कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा भी छाया रहा। दिन में मौसम साफ रहने की संभावना है।
दिल्ली में 4 डिग्री के करीब पहुंचा पारा
दिल्ली में साल की पहली बारिश
दिल्ली में शुक्रवार को इस साल की पहली बारिश हुई। सुबह के समय कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिली। जिसके साथ सर्द हवाएं भी चलीं। जिसके कारण सर्दी में और बढ़ोत्तरी हो गई। इस दौरान 4.6 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ शुक्रवार को इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ था। लेकिन आज पारा और नीचे लुढ़क आया है और सीजन का सबसे ठंडी सुबह आज दर्ज हुई। आने वाले दिनों में भी तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। जिसके साथ ही ठंड के तेवर भी और तीखे हो सकते हैं।
