Delhi PWD Order: दिल्ली सरकार का लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अब ईंधन बचत और ऊर्जा सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठा रहा है। इसी दिशा में विभाग ने शनिवार को एक नया आदेश जारी किया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को निरीक्षण और सरकारी कार्यक्रमों के दौरान ‘कारपूलिंग’ यानी एक साथ यात्रा करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा सार्वजनिक परिवहन और इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को भी बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं। पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा सुरक्षा और ईंधन बचत की अपील का हवाला देते हुए अधिकारियों की सभी विदेश यात्राएं रद्द करने का आदेश भी जारी किया। यह आदेश व्यक्तिगत और सरकारी दोनों तरह की यात्राओं पर लागू होगा।
अगले निर्देश तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी नहीं करेगा विदेश यात्रा
आदेश में साफ कहा गया है कि अगले निर्देश तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी विदेश यात्रा नहीं करेगा। जिन अधिकारियों की विदेश यात्रा पहले से तय थी या जिनका अवकाश स्वीकृत हो चुका था, उन्हें भी तुरंत रद्द माना जाएगा। विभाग ने कहा है कि यदि किसी प्रकार का विदेश यात्रा प्रस्ताव लंबित है तो उसे भी वापस लिया जाए। पीडब्ल्यूडी ने यह भी निर्देश दिया है कि निरीक्षण, उद्घाटन और अन्य सरकारी कार्यक्रमों के दौरान अधिकारी एक साथ यात्रा करें। इसके लिए इलेक्ट्रिक वाहन, साझा वाहन और बस या मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया है।
सीएम रेखा गुप्ता ने शुरू किया अभियान
इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ नाम से 90 दिनों का ईंधन बचत अभियान शुरू किया था। इस अभियान का उद्देश्य ईंधन की बचत करना और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना है। इसके तहत दिल्ली सरकार के कर्मचारियों को सप्ताह में दो दिन घर से काम करने की सुविधा भी दी गई है, ताकि सड़कों पर वाहनों की संख्या कम हो सके। सरकार का मानना है कि ऐसे कदमों से न सिर्फ ईंधन की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। साथ ही विभाग अपने वाहन बेड़े को तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने की दिशा में भी काम करेगा।
