शहर

Delhi: पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर कार में मिले तीन शवों से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

बाहरी दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर रविवार को एक कार में महिला समेत तीन लोगों की मौत का मामला सामने आया। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का संकेत बताया, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक कार में बैठे पाए गए, जिसके दरवाजे बंद थे और पास के राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।

Image

दिल्ली में कार में तीन लोग मृत मिले (प्रतीकात्मक फोटो)

Delhi News: बाहरी दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर रविवार को एक कार के भीतर एक महिला समेत तीन लोगों के मृत पाए गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी और बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का रूप प्रतीत होता है। हालांकि, अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार, अपराह्न 3.50 बजे उन्हें एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुआ, जिसमें सूचना दी गई कि तीन लोग बंद दरवाजों वाली कार में बैठे हैं और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर पहुंचने पर कार फ्लाईओवर के पास की सर्विस लेन में खड़ी मिली, जिसमें तीन लोग बेहोश बैठे थे। पुलिस और आपातकालीन टीम ने कार के अंदर तीनों को मृत पाया, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाकर इलाके को सील कर दिया गया।

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस अधिकारी ने बताया, "तीनों शव कार के अंदर मिले और दरवाजे बंद थे। घटनास्थल पर किसी प्रकार की लड़ाई-झगड़े के संकेत नहीं थे। शवों पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं थे और मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान सुरक्षित पाए गए।" पुलिस ने मृतकों की पहचान रणधीर (76), शिव नरेश सिंह (47) और लक्ष्मी देवी (40) के रूप में की है। कार रणधीर के नाम पर पंजीकृत है।

मामले की जांच जारी

पुलिस ने बताया कि तुरंत यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे या नहीं। शुरुआती जांच में पता चला कि कार कुछ समय पहले ही घटनास्थल पर खड़ी की गई थी, और राहगीरों ने इसे देखा और कार में बैठे लोगों की बेसुध हालत देख पुलिस को सूचना दी। जांचकर्ता मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए हर पहलू की पड़ताल कर रहे हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। इसके अलावा पुलिस आसपास के इलाके से सीसीटीवी फुटेज और घटना से पहले वाहन की गति व आवाजाही की भी जांच कर रही है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article