शहर

Delhi News: दिल्ली में गीजर बना काल, धमाके से घर में लगी आग; एक की मौत

दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में शनिवार शाम को इलेक्ट्रिक गीजर फटने से घर में आग लग गई। इस हादसे में 50 वर्षीय शख्स की मौत हो गई और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Delhi News: दक्षिणपूर्वी दिल्ली में शनिवार शाम को दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक इलेक्ट्रिक गीजर में धमाका हो गया। जिससे घर में आग लग गई और पूरे मकान में धुआं फैल गया। इस हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार के अन्य लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है।

दरवाजा तोड़कर घर में घुसी पुलिस टीम

पुलिस ने रविवार को बताया कि यह घटना शनिवार शाम पांच बजे हजरत निजामुद्दीन इलाके में हुई। पुलिस को एक घर में भीषण आग लगने की सूचना मिली और एक टीम तुरंत मौके पर भेजी गई। पुलिस को घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। घर में दाखिल होने के लिए पुलिस को दरवाजा तोड़ना पड़ा। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ’’बचाव अभियान के दौरान बाथरूम में मकान मालिक मोहम्मद सैयद निजामी और उनकी पत्नी फिदा निज़ामी (45) धुएं के कारण अचेत अवस्था में मिले।’’

घर के अन्य सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

पुलिस ने बताया कि घटना के दौरान परिवार के बाकी सदस्यों को सुरक्षित घर से बाहर निकाल लिया गया। अधिकारी ने बताया कि दंपति को तुरंत मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 50 वर्षीय निजामी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी को होश आ गया और उनका उपचार किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा बाथरूम में लगे इलेक्ट्रिक गीजर में विस्फोट के कारण हुआ, जिससे घर में आग भड़क उठी और धुआं फैल गया। पुलिस इस घटना की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता किया जा रहा है कि गीजर में तकनीकी खराबी थी या किसी अन्य कारण से विस्फोट हुआ।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article