नई दिल्ली: देश में कोरोना के मामलों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ोतरी हो रही है। लेकिन बुधवार (29 मार्च) को कोविड 19 के केस जबरदस्त उछाल देखने को मिला। दिल्ली में 300 के आंकड़े को छू गए। इसके बाद अरविंद केजरीवाल सरकार ने स्थिति पर चर्चा करने के लिए आज एक इमरजेंसी बैठक बुलाई है।
शहर के स्वास्थ्य विभाग द्वारा शेयर किए गए आंकड़ों के अनुसार पिछले साल 31 अगस्त के बाद पहली बार दिल्ली में एक दिन में COVID-19 मामले बुधवार को बढ़कर 300 हो गए और पॉजीटिविटी रेट 13.89 प्रतिशत हो गई। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बैठक बुलाई। बैठक में आज दोपहर स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारी और एक्सपर्ट डॉक्टर्स शामिल होंगे। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव, महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, ऑक्सीजन एवं जांच के नोडल अधिकारी और एलएनजेपी समेत कई अस्पतालों के मेडिकल डायरेक्टर मौजूद रहेंगे।
देश में H3N2 इन्फ्लुएंजा मामलों के आंकड़ों में बढोतरी के बीच पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में नए COVID मामलों की संख्या में अचानक वृद्धि देखने को मिली। दिल्ली में कुछ महीने पहले रोजना कोरोना केस की संख्या में गिरावट देखी गई थी। महामारी के बाद पहली बार 16 जनवरी को यह शून्य पर आ गया था।
मेडिकल एक्सपर्ट्स के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में तेजी के पीछे वायरस का नया XBB.1.16 वैरिएंट हो सकता है। हालांकि, उनका कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है और लोगों से कोविड-उपयुक्त व्यवहार करने और टीकों के बूस्टर शॉट्स लेने का आग्रह करना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
