Delhi News: दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने गोविंदपुरी इलाके से दो विदेशी ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आइवरी कोस्ट निवासी बरनाडिन और नाइजीरिया निवासी एजेकाइल के तौर पर हुई है। इनके के कब्जे से MDMA और कोकेन समेत ड्रग्स के पैकेट, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त हुई है।
कई सालों से देश में जमाया हुआ था डेरा (सांकेतिक तस्वीर)
विदेशी ड्रग तस्करों की गिरफ्तारी
31 जुलाई को एंटी नारकोटिक्स टीम को गोविंदपुरी की गली नंबर 13 से दो विदेशी ड्रग तस्करों के आने की सूचना मिली। सूचना पर तत्काल छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोचा गया। उनकी तलाशी लेने पर 61.16 ग्राम एमडीएमए, 36.64 ग्राम कोकेन, आठ मोबाइल फोन, एक तराजू, पैकिंग सामग्री और 10 हजार छह सौ रुपये नकद बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे 2019 से भारत में रह रहे हैं लेकिन उनकी वीजा अवधि खत्म हो चुकी है। पुलिस उनके ड्रग नेटवर्क को पकड़ने और सिंडिकेट के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के लिए जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एक गांजा तस्कर भी गिरफ्तार
दूसरी ओर लाजपत नगर थाना पुलिस ने गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। जल विहार क्षेत्र के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी लेने पर पुलिस को आरोपी राजा उर्फ लेफ्टी के कब्जे से दो किलो 690 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि वह मद्रासी कैंप, जल विहार का निवासी है और पहले भी NDPS अधिनियम, आबकारी अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और चोरी के मामलों में कई बार पुलिस के रडार पर रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मामला आगे बढ़ाया है।
पुलिस की कोशिश जारी
पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि ड्रग तस्करी की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। विदेशी ड्रग तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए विशेष जांच जारी है, ताकि नशीले पदार्थों की सप्लाई चैन को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
