Delhi News: दक्षिण-पश्चिम जिले की पुलिस ने राजधानी के सागरपुर इलाके में अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) की टीम ने एक मकान में चल रहे शराब तस्करी के गोदाम और जुए के अड्डे पर छापा मारते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
6 आरोपी गिरफ्तार
एक ही इमारत में चलता था अड्डा
पुलिस के अनुसार, पश्चिमी सागरपुर स्थित आरजेड जी-46 इमारत की पहली मंजिल पर शराब का अवैध गोदाम बना हुआ था, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर जुआ खेलने का अड्डा चल रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने रूप सिंह उर्फ रूपा प्रधान नामक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया, जो इलाके का घोषित अपराधी है और जिसके खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अवैध शराब और नगद बरामद
पुलिस ने मौके से 75 पव्वे देसी शराब और 22 बोतल बीयर बरामद की। वहीं जुआ खेलते हुए अमित, सुरेश, विश्वास, राजू और किशन नामक पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 31,210 रुपये भी जब्त किए गए, जो दांव पर लगाए गए थे।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि 1 जुलाई की रात एएटीएस को सागरपुर इलाके में अवैध शराब बिक्री और सट्टेबाजी की सूचना मिली थी। उसी आधार पर टीम ने दबिश दी और आपराधिक गतिविधियों का पर्दाफाश किया। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
