Delhi News: नई दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में जल्द ही अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी मशीन लगाई जाएगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस दिशा में फैसला लेते हुए मशीन खरीदने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। रोबोटिक सर्जरी के जरिए जटिल ऑपरेशन भी सटीक और सुरक्षित तरीके से किए जा सकेंगे। साथ ही इस तकनीक से मरीजों को सर्जरी में दर्द कम होगा और उन्हें स्वस्थ होने में भी कम समय लगेगा।
4 सरकारी अस्पतालों में रोबोटिक मशीनें
दैनिक जागरण की खबर के अनुसार दिल्ली में केवल चार सरकारी अस्पतालों में ही रोबोटिक मशीनें उपलब्ध हैं। जिनमें एम्स, सफदरजंग, राष्ट्रीय क्षयरोग और श्वसन संस्थान, और दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान शामिल हैं। लेकिन जल्द ही आरएमएल अस्पताल केंद्र सरकार का ऐसा चौथा अस्पताल बन जाएगा, जहां यह सुविधा मरीजों के लिए उपलब्ध होगी। बताया गया है कि आने वाले 5 से 6 महीनों में यह मशीन यूरोलॉजी विभाग के ऑपरेशन थिएटर में लगा दी जाएगी।
3डी तकनीक से होती है रोबोटिक सर्जरी
रोबोटिक सर्जरी तकनीक के जरिए सर्जरी करने पर बड़े चीरे लगाने की जरूरत नहीं होती, जिससे रक्तस्राव भी कम होता है। इससे मरीज भी जल्दी स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो सकता है। इस प्रक्रिया में 3डी तकनीक का इस्तेमाल होता है, जिससे ऑपरेशन अधिक सटीक होता है। आरएमएल अस्पताल में इस मशीन को शुरुआत में प्रोस्टेट कैंसर और यूरोलॉजी से जुड़ी सर्जरी के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। लेकिन भविष्य में जनरल सर्जरी, गायनेकोलॉजी और गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल सर्जरी विभागों में भी इसका विस्तार किया जाएगा। यह कदम सरकारी अस्पतालों में इलाज की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
