दिल्ली

Delhi: सड़क हादसे बनी अपराध की कुंजी: एक्सीडेंट की 'कॉल' ने खोल दिया चोरी का राज, तीन गिरफ्तार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां सड़क हादसे में चोरों का पर्दाफाश कर दिया। शक होने पर पुलिस के तीखे सवालों पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस ने तीनों चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया।

Image

सड़क हादसे बनी अपराध की कुंजी (Photo - iStock)

Delhi News: दिल्ली के कापसहेड़ा में इलाके में हुए एक सड़क दुर्घटना ने तीन शातिर चोरों का पर्दाफाश कर दिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार चोरों के पास से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस समय एक व्यक्ति थाने में चोरी की शिकायत दर्ज करा रहा था, उसी दौरान चोर भी सड़क दुर्घटना के सिलसिले में थाने में अधिकारियों से बातचीत कर रहे थे।

सड़क दुर्घटना ने किया चोरी का पर्दाफाश

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को कापसहेड़ा के समीप एक स्कूटर और एक कार के बीच टक्कर के बारे में पुलिस को रात करीब आठ बजकर 13 मिनट पर सूचना मिली। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो उन्होंने देखा कि स्कूटर पर सवार दो लोग काफी घबराए हुए थे और मामले को जल्दी से निपटाने के लिए आतुर थे।"

दुर्घटना का मामला अपराध में बदला

सोनिया गांधी कैंप निवासी रोहित रविदास (25) और करमजीत (28) नामक दोनों व्यक्तियों पर तब और संदेह पैदा हो गया जब उनमें से एक के पास मोबाइल फोन मिला जिसे वह ‘अनलॉक’ नहीं कर पा रहा था। पुलिस ने जब उनसे कुछ तीखे सवाल पूछे तो दुर्घटना का यह मामला अपराध की जांच में बदल गया। पुलिस अधिकारी ने कहा, "कड़ी पूछताछ के दौरान इन लोगों ने उसी दिन तड़के कापसहेड़ा की गोपालजी कॉलोनी में एक घर में चोरी करने की बात कबूल की। उन्होंने लाल चंद नाम के एक व्यक्ति से एक बैग और तीन मोबाइल फोन चुराने का जुर्म भी कबूल किया।"

उनकी निशानदेही पर शिकायतकर्ता का चोरी हुआ बैग बरामद कर लिया गया और पुलिस ने जल्द ही सोनिया गांधी कैंप निवासी उनके साथी पंकज (33) को भी पकड़ लिया। उसके पास से एक और चोरी का मोबाइल फोन मिला, जो दोनों ने उसे बेचा था। पुलिस ने बताया कि रोहित और करमजीत आदतन अपराधी हैं और घरों में चोरी करते हैं और लूट का माल पंकज को देते हैं, जो उसे बेचकर पैसे बांट लेता है। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन में से एक पहले ही बिक चुका है। पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि रोहित पहले भी चार मामलों में शामिल रहा है, जबकि पंकज पर भी पहले से दो मामले दर्ज हैं।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहा author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

End of Article