South Delhi Traffic Advisory: साउथ दिल्ली के सीआर पार्क में दुर्गा पूजा पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। 2 अक्टूबर तक यहां पर ऐसे ही श्रद्धालुओं का तातां लगा रहने की उम्मीद है। आज अष्टमी के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सीआर पार्क में दुर्गा पूजा पंडाल में शामिल होने संभावना है। ऐसे में भारी भीड़ को देखते हुए हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने साउथ दिल्ली और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो| PTI)
इन रास्तों पर वाहनों की रोक
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, बाहरी रिंग रोड, पंचशील से ग्रेटर कैलाश, लाल बहादुर शास्त्री रोड, इंद्र मोहन भारद्वाज मार्ग और सीआर पार्क मेन रोड पर सोमवार से 2 अक्टूबर तक ट्रैफिक का दबाव बढ़े रहने की संभावना है। इस दौरान गुरुद्वारा रोड, बिपिन चंद्र पाल मार्ग और सीआर पार्क व ग्रेटर कैलाश-2 की अंदरूनी सड़कों पर हल्के और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और केवल जरूरी होने पर ही इन इलाकों में जाएं।
इन वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग के रूप में एमजी रोड, अरबिंदो मार्ग, मथुरा रोड, लाला लाजपत राय रोड और महरौली-बदरपुर रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। ट्रैफिक जाम और भीड़भाड़ से बचने के लिए लोग इन रास्तों का इस्तेमाल करें। इस दौरान श्रद्धालु और स्थानीय लोग दोनों से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में धैर्य के साथ रहें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
