Parliament Deadlock: संसद में गतिरोध टूटता नहीं दिख रहा है। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने आज विपक्षी पार्टियों को 10 बजे अपने संसद चैंबर में बुलाया था, जिसमें विपक्षी पार्टियों की अगुवाई जयराम रमेश और विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने की। बैठक में मौजूद सांसदों के हवाले से खबर की बात करें तो सत्ता पक्ष ने राहुल गांधी से माफी की मांग की, जिसपर विपक्षी पार्टी तैयार नहीं हुईं। कांग्रेस को छोड़ अन्य पार्टियों ने कहा कि राहुल गांधी की माफी की बात नहीं है, यहां हम देश के लोगों के पैसे को लेकर चिंतित हैं। अडानी मामले पर जेपीसी का गठन होना चाहिए।
सत्ता पक्ष और विपक्ष अपनी-अपनी मांगों पर अड़ा
सत्ता पक्ष और विपक्ष अपनी-अपनी मांगों पर अड़ा दिखा जिसका नतीजा बैठक खत्म होने के बाद 11 बजे संसद की कार्यवाही शुरू होते ही दिखा। पहले लोकसभा और फिर राज्यसभा को दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया। गतिरोध को खत्म करने की धनखड़ की तरफ से ये पहली कोशिश नहीं थी। लेकिन अब तक कोई बीच का रास्ता नहीं निकल पाया है।
संसद स्थगित होने के बाद विपक्षी पार्टियों ने अंबेडकर प्रतिमा पर जेपीसी गठन की मांग को दोहराया। जेपीसी गठन की मांग पर अड़ी विपक्षी पार्टियों ने आज भी संसद में विरोध प्रदर्शन किया। संसद के स्थगित होने के बाद संसद गेट नंबर1 से कांग्रेस के साथ 14 विपक्षी पार्टियो ने अंबेडकर प्रतिमा तक पैदल मार्च किया। प्रदर्शन करते हुए जेपीसी गठन की मांग की गई।
नेता विपक्ष खरगे ने सरकार पर साधा निशाना
राज्यसभा में विपक्ष के नेता खरगे ने प्रदर्शन की अगुवाई की। उन्होंने कहा कि पहली बार संसद में सत्ता पक्ष प्रदर्शन कर रही है और संसद नहीं चलने दे रही है। वहीं राहुल गांधी और विपक्षी पार्टी पर बीजेपी के बयानों पर उन्होंने कहा कि जब आप किसी पर उंगली उठाते हैं तो चार उंगली खुद पर भी उठती है यही सरकार के साथ हो रहा है।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
