दिल्ली

Delhi: घर में कोई बेटा नहीं तो अपराधियों से 45 हजार में खरीदा बच्चा; करोल बाग में अगवा मासूम महोबा से हुआ रेस्क्यू, जानें क्या है पूरा मामला

दिल्ली के करोल बाग में 18 महीने के बच्चे के कथित अपहरण और उसे बेचने के प्रयास में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें एक किशोर भी शामिल है। बच्चे को उत्तर प्रदेश के महोबा से सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने इस मामले में कई अपराधियों और वाहन बरामद कर लिए हैं और जांच जारी है।

Image

करोल बाग में बच्चे को बेचने के मामले में पांच गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो: Canva)

Karol Bagh Child Kidnapping: दिल्ली के करोल बाग में 18 महीने के एक बच्चे के कथित अपहरण और उसे 45,000 रुपये में बेचने के प्रयास में एक किशोर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। बच्चे को उत्तर प्रदेश के महोबा से सुरक्षित निकाल लिया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों में फूलन श्रीवास (54 वर्ष) भी शामिल हैं, जो दो बेटियों के पिता हैं। पुलिस के अनुसार, श्रीवास ने पैसे देकर बच्चे को खरीदा क्योंकि उनके घर कोई बेटा नहीं है।

घटना 24 सितंबर की है, जब शिकायतकर्ता और राजस्थान के हस्तशिल्प विक्रेता मुकेश ने बताया कि उनका बेटा मेले से लौटते समय गंगा राम अस्पताल की लाल बत्ती के पास पूसा रोड के फुटपाथ पर सो रहा था और तभी वह लापता हो गया। उनकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस उपायुक्त (मध्य) निधिन वलसन ने बताया कि जांच में 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की गई। इसके आधार पर राजेंद्र नगर, प्रसाद नगर, कनॉट प्लेस, मंदिर मार्ग और पहाड़गंज इलाकों में एक छिपी नंबर प्लेट वाले स्कूटर पर संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया गया।

बच्चे को सफेद कार में ले जाते हुए देखा

पुलिस ने बताया कि संदिग्धों को आरएमएल अस्पताल के पास एक बच्चे को सफेद कार में ले जाते हुए देखा गया। कार नई दिल्ली के काली बाड़ी लेन में पकड़ी गई, जहां से अनंत (22), राजू उर्फ ऋषि (24), साहिल कुमार (21) और एक 17 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस उपायुक्त निधिन वलसन ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि बच्चे को महोबा में फूलन श्रीवास उर्फ संतोष नामक व्यक्ति को बेच दिया गया था, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामले की जांच अभी जारी है

अपहृत बच्चे को महोबा से सुरक्षित निकाल लिया गया, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली। पुलिस ने इस मामले में स्कूटर, अपराध में इस्तेमाल की गई कार और 5,500 रुपये नकद भी बरामद किए। जांच में यह भी सामने आया कि श्रीवास ने दिल्ली के आरोपियों को एक लड़का उपलब्ध कराने के लिए एक लाख रुपये तक का लालच दिया था। इसके बाद आरोपियों ने करोल बाग से बच्चे का अपहरण किया और उसे 45,000 रुपये में श्रीवास को बेच दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article