Delhi NCR Earthquake: दिल्ली एनसीआर में मानसून की दस्तक के साथ भूकंप के झटके भी महसूस किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह दिल्ली और एनसीआर में भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह 9 बजकर 4 मिनट पर अचानक धरती हिलने लगी, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता लगभग 4.4 मापी गई। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में करीब 10 सेकंड तक कंपन महसूस हुआ, जिसके चलते लोग घबराकर अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। इसका प्रभाव दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ हरियाणा के जींद और बहादुरगढ़ में भी भूकंप के झटके महसूस किया गया। कई लोगों ने सुबह ऑफिस में रहते हुए भी कंपन को महसूस किया।
हरियाणा के झज्जर में एक व्यक्ति ने बताया कि मैं अपने कार्यालय में काम कर रहा था तभी अचानक कंप्यूटर सिस्टम और पंखे हिलने लगे। यह अनुभव बेहद डरावना था। हम तुरंत बाहर की ओर भागे। चूंकि भूकंप का केंद्र झज्जर ही था, इसलिए आफ्टरशॉक आने की भी आशंका है। मैंने पहले कभी ऐसा तीव्र भूकंप नहीं महसूस किया था।
मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत एहतियात के तौर पर दिल्ली मेट्रो की ट्रेनों को कुछ समय के लिए रोका गया। एक यात्री ने कहा कि लगभग सुबह 9:04 से 9:05 बजे के बीच ट्रेन रुकी थी। हालांकि हमें उस वक्त भूकंप महसूस नहीं हुआ।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक निवासी ने बताया कि मैं ठीक उसी समय उठा जब झटका लगा। उस पल मैं घबरा गया था। कुछ दिन पहले भी एक भूकंप आया था। चूंकि दिल्ली-एनसीआर में अक्सर भूकंप आते रहते हैं, हमें सतर्क रहना चाहिए और जरूरी सावधानियों का पालन करना चाहिए।
वहीं गाजियाबाद के ही एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि भूकंप के झटके काफी तेज थे। मैं उस समय एक दुकान में था, ऐसा लगा जैसे कोई पूरी दुकान को जोर से हिला रहा हो।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
