Delhi News: राजधानी दिल्ली के तिलक नगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां दो दोस्तों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान संदीप और आरिफ के रूप में हुई है, जो ख्याला के बी ब्लॉक के निवासी थे और कई सालों से एक दूसरे को जानते थे।
झगड़े से चाकूबाजी तक पहुंची बात
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, घटना रविवार रात करीब 11 बजे की है। दोनों दोस्त एक लोकल पार्क में बैठे हुए थे, जब दोनों में कहासुनी हो गई। यह झगड़ा इस कदर बढ़ गया कि दोनों ने एक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले गए, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस कर रही है जांच
ख्याला थाने को सूचना मिली थी कि चाकू लगने से घायल दो लोगों को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस की एक टीम अस्पताल पहुंची तो पता चला कि दोनों की मौत हो चुकी है। घटना की सूचना मिलने के बाद तिलक नगर और ख्याला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौके से अहम सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं और घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
झगड़े की वजह अभी साफ नहीं
डीसीपी पश्चिम ने जानकारी दी कि शवों को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि झगड़े की असली वजह क्या थी और घटना के पीछे किसी तीसरे व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही दोनों मृतकों के परिजनों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना का कारण साफ हो सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
