Delhi AQI Update: दिल्ली की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है। शनिवार को शहर के कई हिस्सों में प्रदूषण स्तर ‘गंभीर’ (Severe) श्रेणी में पहुंच गया। कल शाम तक 24 घंटे का औसत AQI 361 दर्ज हुआ था, जिससे राष्ट्रीय राजधानी देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बन गया।
दिल्ली में और बिगड़ी हवा की क्वालिटी (फाइल फोटो | PTI)
आज कैसा है दिल्ली का AQI
रविवार को सुबह की शुरुआत ही 400 के पार AQI से हुई है। CPCB के आंकड़ों के मुताबिक ITO इलाके में AQI 420 दर्ज किया गया है। इंडिया गेट के आसपास ये आंकड़ा 381 दर्ज हुआ। अक्षरधाम के पास AQI 412 दर्ज किया गया, वहीं AIIMS के पास AQI 421 दर्ज किया गया और लोधी गार्डन में 377 का आंकड़ा दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक कल शनिवार को भी अलीपुर, ITO, नेहरू नगर, बुराड़ी जैसे कई इलाकों में AQI 400 के पार दर्ज किया गया था।
350 के बाद लागू होता है GRAP-3
सुप्रीम कोर्ट ने 5 दिसंबर 2024 के आदेश में साफ कहा था कि AQI 350 पार होते ही GRAP Stage-3 लागू होना चाहिए। ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP)-3 में पुरानी कैटेगरी के BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल कारों पर प्रतिबंध लग जाता है, निजी निर्माण गतिविधियों पर रोक लग जाती है, स्कूल (कक्षा 5 तक) में हाइब्रिड क्लासेस चलाए जाने जैसे और भी कड़े कदम उठाए जाते हैं। इसके बावजूद अभी तक CAQM ने कोई मीटिंग नहीं बुलाई और न ही पाबंदियों की घोषणा की है।
GRAP न लगने का क्या है कारण
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के अधिकारियों का कहना है कि इस नवंबर में शहर की वायु गुणवत्ता पिछले साल की तुलना में बेहतर रही है। एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, “पिछले सात दिनों में से छह दिन ऐसे रहे हैं जिनमें हवा की गुणवत्ता पिछले साल के उन्हीं दिनों की तुलना में बेहतर रही है। यह विभिन्न विभागों के बीच समय पर और समन्वित कार्रवाई के कारण संभव हो पाया है।” अधिकारी ने आगे कहा, “पिछले साल GRAP का तीसरा चरण 13 नवंबर को लागू किया गया था। इस बार सभी विभागों और नागरिकों के सहयोग से हम उम्मीद करते हैं कि उस स्थिति तक पहुंचने की नौबत नहीं आएगी।
दिल्ली में ऑफिस टाइम बदलेंगे
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से अधिक से अधिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने, कारपूल करने और निजी संस्थानों से वर्क फ्रॉम होम बढ़ाने की अपील की है। सरकार 15 नवंबर से सरकारी और नगर निगम कार्यालयों में नए शीतकालीन टाइम लागू करने जा रही है ताकि पीक ऑवर में ट्रैफिक लोड घटे। आदेश लागू होने के बाद दिल्ली सरकार के कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक चलेंगे, जबकि नगर निगम कार्यालयों का समय सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
