दिल्ली

दिल्ली एयरपोर्ट से नोएडा की दूरी अब बस 20 मिनट की; पीएम मोदी जल्द करेंगे द्वारका एक्सप्रेसवे और UER-2 का उद्घाटन

दिल्ली एयरपोर्ट से नोएडा तक की दूरी अब सिर्फ 20 मिनट में तय होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 अगस्त को द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड (UER-2) का उद्घाटन करेंगे। करीब 8,000 करोड़ रुपये की लागत से बना यह एक्सप्रेसवे दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इसके शुरू होने से ट्रैफिक जाम कम होगा और कई राज्यों के प्रमुख शहरों से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचना आसान होगा।

Image

द्वारका एक्सप्रेसवे और UER-2 का जल्द होगा उद्घाटन (सांकेतिक फोटो: Canva)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Dwarka Expressway Inauguration: दिल्ली एयरपोर्ट से नोएडा तक महज 20 मिनट में पहुंचना अब सपना नहीं, बल्कि हकीकत बनने जा रहा है। फिलहाल नोएडा से आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचने में दो घंटे से ज्यादा समय लगता है, लेकिन 16 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड (UER-2) का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह द्वारका एक्सप्रेसवे पर द्वारका के पास आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, और दिल्ली-एनसीआर के सभी सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे।

इस महीने दिल्ली को अर्बन एक्सटेंशन रोड (UER-2) के रूप में एक नया रिंग रोड मिलने जा रहा है। इसके खुलने से न केवल दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों को एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि सोनीपत, करनाल, पानीपत, अंबाला, रोहतक, जींद से बहादुरगढ़ तक का संपर्क भी बेहतर होगा। अभी कई जगहों से एयरपोर्ट पहुंचने में दो घंटे तक का समय लगता है, लेकिन UER-2 के बाद यह दूरी महज 20 मिनट में तय होगी। इससे सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और डीजल-पेट्रोल की भी बड़ी बचत होगी। तीन साल पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने UER-2 के निर्माण की घोषणा की थी।

एक्सप्रेसवे का कनेक्शन

करीब 8,000 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह चार से छह लेन का एक्सप्रेसवे अगले 10 दिनों में पूरा हो जाएगा। यह दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे के अलीपुर से शुरू होकर मुंडका, बक्करवाला, नजफगढ़ और द्वारका होते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे तक जाएगा। द्वारका एक्सप्रेसवे से आगे एयरपोर्ट महिपालपुर के दिल्ली-जयपुर हाईवे से जुड़ता है। इसके शुरू होने पर दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक कम होगा। अभी दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे से एयरपोर्ट जाने वालों को दिल्ली के कई हिस्सों से गुजरना पड़ता है।

सोनीपत हाईवे को बवाना में जोड़ा गया

बहादुरगढ़ की एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए लगभग 8 किमी लंबी अलग सड़क बनाई गई है, जिसे डिचाऊ कलां में UER-2 से जोड़ा गया है। दिल्ली-रोहतक हाईवे को मुंडका में UER-2 से, जबकि सोनीपत हाईवे को बवाना में जोड़ा गया है। द्वारका एक्सप्रेसवे आगे गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जुड़ता है, जो सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से कनेक्टेड है। इस तरह, UER-2 के शुरू होने के बाद एनसीआर के कई शहरों से पालम एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान हो जाएगा और दिल्ली की कनेक्टिविटी कई राज्यों के प्रमुख शहरों से मजबूत होगी।

पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त के बाद UER-2 और द्वारका एक्सप्रेसवे के दिल्ली हिस्से का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को संकेत दिया है। संकेत मिलते ही NHAI ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और दोनों राज्यों के कई मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे। द्वारका एक्सप्रेसवे खेरकी दौला टोल प्लाजा से महिपालपुर स्थित शिव मूर्ति तक बनाया गया है। इसका गुरुग्राम सेक्शन पिछले साल प्रधानमंत्री ने उद्घाटन किया था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article