Delhi AQI: दिल्ली ने सप्ताह की शुरुआत दमघोंटू हवा और घने धुंध के बीच की। सोमवार सुबह राजधानी का आसमान धुंध की मोटी परत से पूरी तरह ढका रहा, जिससे कई इलाकों में इमारतें और मुख्य सड़कें साफ दिखाई नहीं दे रहीं थीं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार सुबह 8 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 358 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी का स्तर है और 'गंभीर' श्रेणी की ओर बढ़ता हुआ नजर आ रहा है।
दिल्ली में आज भी हवा की हालत खराब (फाइल फोटो | PTI)
दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 से ऊपर
राजधानी के कई मॉनिटरिंग स्टेशनों ने स्थिति को और चिंताजनक बताया। आनंद विहार में AQI 382, बावाना में 424, DTU में 400, जहांगीरपुरी में 406, नरेला में 405, रोहिणी में 404, वजीरपुर में 402 और विवेक विहार में 393 दर्ज हुआ। 38 में से 5 स्टेशन ऐसे रहे जहां AQI 400 के पार चला गया, जबकि बाकी स्टेशनों पर ‘बहुत खराब’ श्रेणी की हवा दर्ज की गई।
GRAP स्टेज-III लागू, कई गतिविधियों पर रोक जारी
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-III को जारी रखने का फैसला किया है। इस चरण में निर्माण कार्य, ईंट भट्ठे, स्टोन क्रशर और अन्य भारी उत्सर्जन करने वाली गतिविधियों पर सख्त रोक लगी रहती है।
बता दें कि GRAP एक आपातकालीन ढांचा है, जिसे तब लागू किया जाता है जब हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर पहुंच जाती है। यह चार चरणों में काम करता है- स्टेज-1 तब लागू होता है जब वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 201 से 300 के बीच यानी ‘खराब’ स्थिति में होता है। स्टेज-2 ‘बहुत खराब’ स्थिति के लिए होता है, जब AQI 301 से 400 तक पहुंचता है। स्टेज-3 ‘गंभीर’ स्थिति को दर्शाता है, जिसमें AQI 401 से 450 के बीच होता है। वहीं, स्टेज-4 ‘गंभीर+’ स्थिति में लागू होता है, जब AQI 450 से ऊपर चला जाता है।
दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस जा सकता और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट और हवा की धीमी गति ने प्रदूषण को और खतरनाक बना दिया है। विभाग ने आज के लिए किसी चेतावनी की घोषणा नहीं की, लेकिन पूरे सप्ताह ‘मॉडरेट फॉग’ यानी मध्यम कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। सुबह के समय 65-80 प्रतिशत तक पहुंची नमी ने धुंध और प्रदूषण के मिश्रण को और घना बना दिया, जिससे विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
