दिल्ली

दिल्ली पुलिस की कार्रवाई: वज़ीरपुर और एनएस मंडी से 66 बांग्लादेशी अवैध नागरिक पकड़े गए

दिल्ली पुलिस की उत्तर-पश्चिम जिले की विदेशी सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए वज़ीरपुर और एनएस मंडी इलाकों से 66 अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है।

Image

कुल मिलाकर 66 लोग पकड़े गए जिनमें 20 पुरुष, 16 महिलाएं और 30 बच्चे शामिल हैं।

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की उत्तर-पश्चिम जिले की विदेशी सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए वज़ीरपुर और एनएस मंडी इलाकों से 66 अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। ये सभी 11 परिवारों के रूप में यहां रह रहे थे और पुलिस की लंबी निगरानी के बाद इनकी पहचान हो सकी।

पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि उत्तर-पश्चिम जिले के कुछ इलाकों में बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से रह रहे हैं। इसके बाद विदेशी सेल की दो टीमें बनाई गईं, ये टीमें इंस्पेक्टर विपिन कुमार और एसीपी रंजीव कुमार की देखरेख में इस ऑपरेशन में जुटी थीं।

6 जून को पुलिस टीमों ने वज़ीरपुर झुग्गी बस्ती और एनएस मंडी इलाकों में छापेमारी की। ये सभी बांग्लादेशी नागरिक पहले हरियाणा के नूंह जिले में ईंट भट्ठों पर मजदूरी करते थे और हाल ही में दिल्ली आए थे। बताया जा रहा है कि हरियाणा में पुलिस की सख्ती के बाद ये लोग दिल्ली के घनी आबादी वाले इलाकों में छिपकर रहने लगे थे ताकि पकड़े न जा सकें।

इन लोगों ने खुद को छिपाने के लिए मोबाइल फोन और किसी भी तरह के पहचान पत्र नष्ट कर दिए थे। पुलिस ने इनकी पहचान के लिए स्थानीय दुकानदारों और सब्ज़ी-फल विक्रेताओं से पूछताछ की। बच्चों के दूध व अन्य सामग्री की बार-बार खरीद से भी कई सुराग मिले।

  • वज़ीरपुर झुग्गी बस्ती से 35 लोग पकड़े गए
  • एनएस मंडी से 31 लोग पकड़े गए
  • कुल मिलाकर 66 लोग पकड़े गए जिनमें 20 पुरुष, 16 महिलाएं और 30 बच्चे शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि यह ऑपरेशन सिर्फ एक शुरुआत है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। पकड़े गए सभी लोगों की कानूनी प्रक्रिया जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article