Delhi AQI Update: दिल्ली की जहरीली बनी हुई है। आंख में जलन, त्वचा पर जलन होने के साथ सांसों का संकट बरकरार है। बीते दिनों शहर के AQI में थोड़ी कमी आई थी, जिसके बाद उम्मीद की जा रही थी अब दिल्ली की हवा में सुधार रहेगा। लेकिन 2 दिन के भीतर दिल्ली की हवा एक बार फिर 312 बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। तापमान में गिरावट के साथ दिल्ली का प्रदूषण है कि बढ़ता ही जा रहा है। दिल्ली में बढ़ रहे प्रदूषण की मुख्य वजह पराली जलाना माना जा रहा है। दूसरे राज्यों में पराली जलाने के कारण दिल्ली के PM 2.5 प्रदूषण में 9.48 प्रतिशत का योगदान रहा है। बताया जा रहा है कि इस सर्दी में यह अब तक का सबसे अधिक है।
दिल्ली की वायु गुणवत्ता 312 पर 'बेहद खराब' श्रेणी में बरकरार
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, सुबह 9 बजे शहर का AQI 312 दर्ज किया गया। बता दें कि गुरुवार रात की दिल्ली की AQI 300 के पार पहुंच गया था। प्रदूषण के कारण लोगों को आंख में जलन हो रही है, त्वचा संबंधी परेशानियों के साथ लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए आगामी दिनों में इसके खतरनाक श्रेणी में जाने की आशंका जताई जा रही है। जब तक दिल्ली में तेज हवाएं और बारिश नहीं होती, प्रदूषण से राहत मिलने की संभावना कम ही बनी रहेगी।
दिल्ली के 26 स्थानों पर हवा बेहद खराब
राष्ट्रीय राजधानी के 38 निगरानी केंद्रों में से 26 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता को 'बेहद खराब' श्रेणी में रिकॉर्ड की गई है। इसमें बवाना सबसे प्रदूषित इलाका रहा, जहां AQI 366 दर्ज किया गया, जबकि जहांगीरपुरी 348 के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा चांदनी चौक 346, बुराड़ी क्रॉसिंग का 343, पंजाबी बाग का 342, वजीरपुर का 337, मुंडका का 336, रोहिणी का 336, आईटीओ का 334, नेहरू नगर का 334, पूसा का 332, आरके पुरम का 326, आनंद विहार का 324, सोनिया विहार का 322, विवेक विहार का 324, अशोक विहार का 319, नॉर्थ कैंपस का 313, अलीपुर 313, ओखला फेज 2 306, पटपड़गंज का 309, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का 302 और मंदिर मार्ग का 303 रिकॉर्ड किया गया।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है, जबकि सुबह 8.30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 67 प्रतिशत थी। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, दिन भर हल्का कोहरा छाया रहने का अनुमान है, जिससे शहर के कई हिस्सों में दृश्यता प्रभावित रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
