Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने युवाओं के विकास के लिए और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए एक नई और ऐतिहासिक योजना की शुरुआत की है। रेखा गुप्ता की इस योजना का नाम 'हौसलों की उड़ान' है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य दिल्ली के छिपे हुए टैलेंट को निखारकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है। सीएम ने बताया कि इस योजना के तहत युवा अपनी कला, संगीत, नृत्य, कविता, विजुअल आर्ट, डिजिटल आर्ट, थिएटर जैसी विभिन्न प्रतिभाओं को दिखा पाएंगे।
दिल्ली सरकार ने की हौसलों की उड़ान योजना की शुरुआत (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
मिली जानकारी के अनुसार इस योजना का फोकस मुख्य तौर उन युवाओं पर हैं, जो स्लम, झुग्गी-बस्तियों और अनधिकृत कॉलोनियों में रहते हैं और जिनके पास मंच नहीं है। यह योजना उन्हें मंच प्रदान करेगी। बता दें कि मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस ऐतिहासिक योजना को मंजूरी दे दी गई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, “यह देश की पहली ऐसी योजना है जो युवाओं की कला प्रतिभा को खोजने और उन्हें पहचान दिलाने के लिए बनाई गई है।”
प्रतिभाशाली युवाओं को मिलेगा मंच
दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति और भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि करीब 50 लाख युवाओं को इस योजना से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में टैलेंट हंट का आयोजन किया जाएगा। उसके बाद जोनल, जिला और राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इस योजना के तहत प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें जीतने वाले विजेताओं को नकद पुरस्कार के साथ नामी कलाकारों की मेंटोरशिप भी दी जाएगी।
कितने महीनों तक चलेगा टैलेंट हंट
यह प्रतियोगिता छह महीनों तक चलेगी और इसका फाइनल भव्य तौर पर आयोजित किया जाएगा। दिल्ली सरकार का इरादा है कि इस योजना को राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित किया जाए ताकि दिल्ली के प्रतिभाशाली युवाओं को देशभर में पहचान मिले।
योजना की बजट और दिशा
‘हौसलों की उड़ान’ योजना के लिए वित्त वर्ष 2025-26 में 5 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। यह योजना कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग की अगुवाई में लागू की जाएगी, जो दिल्ली के युवाओं के विकास और उनकी कला को मंच प्रदान करेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
