दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर बुधवार को एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। मल्होत्रा का मंगलवार सुबह निधन हो गया था। उनका पिछले कुछ दिनों से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज किया जा रहा था। गुप्ता ने मल्होत्रा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे ‘‘बहुत बड़ी एवं अपूरणीय क्षति’’ करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि उनका अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ हो। वह मल्होत्रा को अंतिम श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर गईं।
वीके मल्होत्रा के निधन पर दिल्ली में एक दिन के राजकीय शोक (फोटो-@gupta_rekha)
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, हम सभी कार्यकताओं के अभिभावक और दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा जी का निधन अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। जनसंघ के दौर से लेकर भाजपा की स्थापना तक उनका जीवन राष्ट्रनिष्ठा, संगठन कौशल और अनुशासन का जीता-जागता उदाहरण रहा।
पीएम ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर मंगलवार को दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने 'एक्स' पर कहा,‘‘ विजय कुमार मल्होत्रा जी ने खुद की एक उत्कृष्ट नेता के रूप में पहचान बनाई। उन्हें लोगों के मुद्दों की गहरी समझ थी। उन्होंने दिल्ली में पार्टी को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें उनके संसदीय कामकाज के लिए भी याद किया जाता है। उनके निधन से शोकाकुल हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति। दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे मल्होत्रा ने 1999 के लोकसभा चुनाव में दक्षिण दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार मनमोहन सिंह को हराया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
