दिल्ली में लगातार बढ़ रहा प्रदूषण का स्तर (फोटो साभार: PTI)
Delhi Pollution: दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार को और बिगड़ गई व यह 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गई। दिल्ली में समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 303 दर्ज किया गया, जोकि एक दिन पहले 218 था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक शाम चार बजे 303 रहा, जो वायु गुणवत्ता में तीव्र गिरावट को दर्शाता है।
सीपीसीबी के समीर ऐप के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में सबसे अधिक प्रदूषण स्तर वजीरपुर में दर्ज किया गया, जहां एक्यूआई 383 रहा, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। राष्ट्रीय राजधानी के 38 निगरानी केंद्रों में से 26 में वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी (300 से ऊपर) में दर्ज की गयी, जबकि शेष केंद्रों में यह 'खराब' श्रेणी (300 से नीचे) में रही। एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम 5:30 बजे आर्द्रता का स्तर 73 प्रतिशत रहा। आईएमडी ने रविवार सुबह के लिए हल्के कोहरे का अनुमान जताया है तथा अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
दिल्ली में बीएस-3 या उससे कम उत्सर्जन मानकों वाले दिल्ली से बाहर पंजीकृत सभी वाणिज्यिक मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध शनिवार को लागू हो गया। परिवहन विभाग ने प्रतिबंध का कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस के सहयोग से 23 टीम गठित की हैं। उन्होंने बताया कि जिन 23 स्थान पर इन टीम को तैनात किया गया है उनमें कुंडली बॉर्डर, रजोकरी बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर, आया नगर बॉर्डर, कालिंदी कुंज बॉर्डर, औचंदी बॉर्डर, मंडोली, कापसहेड़ा और बजघेड़ा टोल/द्वारका एक्सप्रेसवे आदि शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, अनुमानित 50 से 70 हजार वाहन बीएस-4 से कम उत्सर्जन मानकों वाले हैं। दिल्ली में पंजीकृत वाणिज्यिक मालवाहक वाहनों, बीएस-4 वाहनों, या सीएनजी, एलएनजी एवं बिजली से चलने वाले वाहनों के प्रवेश पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 17 अक्टूबर को हुई बैठक में शहर में प्रदूषण की समस्या के मद्देनजर दिल्ली में प्रदूषण फैलाने वाले वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर एक नवंबर से व्यापक प्रतिबंध लगाने को मंजूरी दे दी थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।