दिल्ली

दिल्ली की हवा अब भी ‘बहुत खराब’, इन इलाकों में पहुंचा AQI 400 के पार; तापमान में गिरावट दर्ज

दिल्ली में शनिवार को वायु गुणवत्ता लगातार दूसरे दिन ‘बहुत खराब’ स्तर पर बनी रही, जबकि कई इलाकों में यह ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई। शहर का न्यूनतम तापमान इस मौसम का अब तक का सबसे कम 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने रविवार के लिए हल्के कोहरे के साथ तापमान 25 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है।

Image

दिल्ली में वायु गुणवत्ता शनिवार को भी ‘बेहद खराब’ रही (फोटो: पीटीआई)

Photo : PTI

Delhi Air Quality Update: दिल्ली में शनिवार को वायु गुणवत्ता लगातार दूसरे दिन भी ‘बहुत खराब’ स्तर पर बनी रही, जबकि 16 निगरानी केंद्रों ने इसे ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया। इस दौरान न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान है। राजधानी में तीन दिन तक जारी गंभीर वायु प्रदूषण का दौर शुक्रवार को समाप्त हुआ, लेकिन समग्र एक्यूआई 387 दर्ज किया गया, जो अभी भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के शाम चार बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, शनिवार का 24 घंटे का औसत एक्यूआई 386 रहा।

कई इलाकों में AQI 400 के पार

शहर के कई हिस्सों में जहरीली हवा का प्रभाव जारी रहा, और शनिवार को 16 निगरानी केंद्रों ने वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) को ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया। सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार, बवाना में सबसे अधिक एक्यूआई 443 दर्ज किया गया, जबकि वजीरपुर में यह 434 रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, एक्यूआई 0-50 को ‘अच्छा’, 51-100 को ‘संतोषजनक’, 101-200 को ‘मध्यम’, 201-300 को ‘खराब’, 301-400 को ‘बहुत खराब’ और 401-500 को ‘गंभीर’ माना जाता है। इस दौरान पीएम10 और पीएम2.5 कण प्रमुख प्रदूषक बने रहे।

यूपी में पराली जलाने की 129 घटनाएं

भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM), पुणे द्वारा वायु गुणवत्ता के विश्लेषण और पूर्वानुमान के लिए विकसित ‘निर्णय समर्थन प्रणाली’ (DSS) के अनुसार, शनिवार को दिल्ली में प्रदूषकों में पराली जलाने का योगदान 16.3 प्रतिशत था, जबकि वाहनों से उत्सर्जन का योगदान 18.3 प्रतिशत रहा, जो सभी स्रोतों में सबसे अधिक था। उपग्रह डेटा के मुताबिक, बृहस्पतिवार को पंजाब में पराली जलाने की 104, हरियाणा में 24 और उत्तर प्रदेश में 129 घटनाएं दर्ज की गईं।

दिल्ली में तापमान का हाल

इसी बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि शनिवार को शहर में इस मौसम का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम होकर 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान भी सामान्य से 1.9 डिग्री कम होकर 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD के रिकॉर्ड के अनुसार, पिछले साल नवंबर का सबसे कम तापमान 29 नवंबर को 9.5 डिग्री सेल्सियस था, जबकि 2023 में यह 23 नवंबर को 9.2 डिग्री सेल्सियस था। विभाग ने रविवार के लिए हल्के कोहरे के साथ अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः लगभग 25 डिग्री और 10 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान भी जारी किया है।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article