Delhi News: दिल्ली-गुरुग्राम और द्वारका एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना अब महंगा पड़ने वाला है। गुरुवार से दोनों एक्सप्रेसवे पर ओवरस्पीडिंग के लिए चालान काटे जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए ANPR कैमरे लगाए जाएंगे, जो नियमों के उल्लंघन को ऑटोमैटिक तरीके से पकड़ेंगे और तुरंत कार्रवाई करेंगे। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन ने एनएचएआई अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान यह जानकारी दी।
सांकेतिक फोटो (PC - Canva)
15 जगहों पर लगेंगे ANPR कैमरे
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और द्वारका एक्सप्रेसवे पर कुल 15 जगहों पर पर अत्याधुनिक ANPR (ऑटोमेटेड नंबर प्लेट रीडर) कैमरे लगाए गए हैं जिनमें से 9 कैमरे द्वारका एक्सप्रेसवे पर और 6 दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर अलग-अलग जगहों पर लगाए जाएंगे। इन कैमरों की मदद से ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले लोगों की पहचान की जाएगी। इन कैमरों में बिना सीट बेल्ट ड्राइविंग, बिना हेलमेट ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और गलत लेन बदलने जैसी गतिविधियां रिकॉर्ड होंगी। जिसके बाद इन पर कार्रवाई की जाएगी।
द्वारका एक्सप्रेसवे पर प्रतिबंधित वाहनों पर चालान
द्वारका एक्सप्रेसवे पर प्रतिबंधित वाहनों जैसे दोपहिया, ई-रिक्शा और ट्रैक्टर पर भी चालान की कार्रवाई की जाएगी। ANPR कैमरों की मदद से रोड एक्सीडेंट की सूचना तुरंत मिल सकेगी। डीसीपी के अनुसार, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर स्पीड लिमिट 80 किमी/घंटा है। वहीं द्वारका एक्सप्रेसवे पर 100 किमी/घंटा स्पीड लिमिट तय की गई है। पहले से लगे 110 ट्रैफिक कैमरों के साथ अब ANPR सिस्टम से चालान व्यवस्था और अधिक सख्त और प्रभावी होगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
