Delhi News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के राज्यों में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक सक्रिय अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश के रहने वाले 33 वर्षीय प्रेम सिंह राठौड़ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 अवैध पिस्टल बरामद की हैं।
दिल्ली-गुरुग्राम हाईवे से पकड़ा गया तस्कर
दिल्ली-गुरुग्राम हाईवे पर बिछाया गया जाल
स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि हथियार तस्करी सिंडिकेट का एक कूरियर अवैध हथियारों की खेप लेकर दिल्ली पहुंच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दिल्ली-गुरुग्राम हाईवे (NH-48) पर स्थित शंकर विहार बस स्टैंड के पास जाल बिछाया और संदिग्ध प्रेम सिंह राठौड़ को धर दबोचा। तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पास से अत्याधुनिक और घातक हथियारों का जखीरा मिला, जिसमें 1 अत्याधुनिक 9mm जिगाना (Zigana) पिस्टल, 4 7.65mm सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और 5 .315 बोर की सिंगल-शॉट पिस्टल शामिल हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- झारखंड में एक और आंदोलन की सुगबुगाहट! MMDR बिल के खिलाफ 25 अगस्त से सड़क पर उतरेंगे वाम दल
बुरहानपुर से संचालित हो रहा था अवैध हथियारों का नेटवर्क
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह पूरा सिंडिकेट मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से संचालित होता है। नेटवर्क का सरगना बुरहानपुर के स्थानीय हथियार निर्माताओं से अवैध पिस्तौलें बनवाता था। तैयार हथियारों को कूरियर के जरिए दिल्ली-एनसीआर समेत राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश के लोकल गैंगस्टरों और बदमाशों तक पहुंचाया जाता था। आरोपी प्रेम सिंह राठौड़ पिछले करीब एक साल से इस सिंडिकेट के लिए कूरियर का काम कर रहा था और कई बार हथियारों की डिलीवरी दे चुका है।
सरगना की तलाश में जुटी स्पेशल सेल
दिल्ली पुलिस ने आर्म्स एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। स्पेशल सेल अब आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर इस पूरे सिंडिकेट के मुख्य सरगना, निर्माणकर्ताओं और उन बदमाशों की पहचान करने में जुटी है, जिन्हें यह खेप डिलीवर की जानी थी।
